नगर विकास योजना क्रमांक -2 के क्रियान्वयन के लिए निविदा आमंत्रण को मंजूरी

नगर विकास योजना क्रमांक -2 के क्रियान्वयन के लिए निविदा आमंत्रण को मंजूरी

रतलाम प्राधिकरण संचालक मंडल की हुई बैठक 

⚫ यातायात नगर योजना में अपूर्ण विकास कार्यों को युद्ध स्तर पर करेंगे पूर्ण 

⚫ यातायात नगर में भूखंड आवंटन की कार्रवाई शीघ्र
 
हरमुद्दा
रतलाम, 26 मई। रतलाम विकास प्राधिकरण द्वारा प्रस्तावित नगर विकास योजना क्रमांक -2 के क्रियान्वयन के लिए निविदा आमंत्रण की कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ की जाएगी। मंगलवार को रतलाम विकास प्राधिकरण कार्यालय में आयोजित संचालक मंडल की बैठक में तदाशय के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई।

संचालक मंडल के यह थे मौजूद

बैठक में प्राधिकरण के उपाध्यक्षद्वय गोविंद काकानी, प्रवीण सोनी, संचालक मंडल सदस्यगण राजेंद्र गोयल, राजेंद्र मौर्य, धीरज व्यास, राखी व्यास एवं किरण महावर मौजूद थे।

प्रस्ताव किए प्रस्तुत

प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय कुमार शर्मा ने संचालक मंडल के समक्ष प्रस्तावों को प्रस्तुत किया। रतलाम विकास प्राधिकरण के जनसंपर्क अधिकारी योगेश शुक्ला ने बताया कि त्रिवेणी मेला स्थल के समीप लगभग 68 हैक्टेयर भूमि क्षेत्रफल में प्रस्तावित योजना के मानचित्र को नगर तथा ग्राम निवेश विभाग द्वारा वर्ष 2023 में स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।  योजना के विकास कार्यों के लिए संचालक मंडल द्वारा बैठक में आवश्यक वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की गई। 

यातायात नगर मेंभूखंड आवंटन की कार्रवाई शीघ्र

संचालक मंडल द्वारा लिए गए एक अन्य निर्णयानुसार सालाखेड़ी में विकसित किए जा रहे यातायात नगर के अपूर्ण विकास कार्यों को युद्ध स्तर पर पूर्ण किया जाकर भूखंड आवंटन की कार्रवाई यथा शीघ्र प्रारंभ की जाएगी।

परशुराम विहार योजना का होगा सौंदर्यीकरण

संचालक मंडल द्वारा श्री परशुराम विहार योजना में रिक्त भूखंडों के व्ययन की भी स्वीकृति प्रदान की गई। योजना में उद्यान के समुचित सौंदर्यीकरण एवं सोलर लाइटिंग के माध्यम से अपेक्षित विकास कार्य कराए जाएंगे, क्षेत्र की साफ -सफाई उपरांत  शीघ्र ही प्राधिकरण इन भूखंडो के विक्रय की कार्रवाई प्रारंभ करेगा।

25 करोड़ का ऋण मंजूर

हुडको क्षेत्रीय कार्यालय- भोपाल द्वारा प्राधिकरण को रुपये 25.00 करोड़ का ऋण अविकसित योजनाओं को पूर्ण करने हेतु स्वीकृत किया गया है। न्यूनतम ब्याज दर पर स्वीकृत उक्त ऋण के संबंध में आगामी कार्रवाई के लिए भी संचालक मंडल द्वारा निर्णय लिया गया । वित्तीय वर्ष 2025 -26 के आय -व्यय लेखे को भी संचालक मंडल द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई। 

यह थे मौजूद
 
बैठक में अशासकीय पदाधिकारी के अतिरिक्त संचालक मंडल के शासकीय सदस्यगण करुणेश दंडौतिया, उपायुक्त नगर निगम, कार्यपालन यंत्री, लोक निर्माण विभाग, कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, कार्यपालन यंत्री, मध्य प्रदेश विद्युत मंडल एवं उपसंचालक, नगर तथा ग्राम निवेश के प्रतिनिधि, प्राधिकरण के कार्यपालन यंत्री सचिन हरित आदि उपस्थित थे। सीईओ शर्मा ने आभार माना।

योजना का क्रियान्वयन महत्वपूर्ण

नगर विस्तारीकरण को दृष्टिगत रखते हुए उक्त योजना का क्रियान्वयन अत्यंत महत्वपूर्ण है एवं इसे प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जाएगा। 

मनोहर पोरवाल, अध्यक्ष, रतलाम विकास प्राधिकरण, रतलाम