रतलाम: शासकीय बाल संप्रेषण गृह में सुरक्षा गार्ड से मारपीट कर 7 बाल अपचारी फरार

रतलाम: शासकीय बाल संप्रेषण गृह में सुरक्षा गार्ड से मारपीट कर 7 बाल अपचारी फरार

पुलिस की तत्परता से 6 बाल अपचारी आए पकड़ में

⚫ एक मास्टरमाइंड की तलाश जारी

⚫ सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल

हरमुद्दा
​रतलाम, 9 अगस्त। जिला मुख्यालय स्थित शासकीय बाल संप्रेषण गृह से शनिवार-रविवार की मध्य रात्रि सुरक्षा व्यवस्था को ताक पर रखकर 7 गंभीर अपराधों में बंद बाल अपचारी फरार हो गए। भागे गए अपचारियों पर हत्या, दुष्कर्म, रंगदारी और हत्या के प्रयास जैसे संगीन मामले दर्ज हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। हालांकि, पुलिस की त्वरित घेराबंदी और तत्परता के चलते 6 अपचारियों को नामली क्षेत्र से पुनः हिरासत में ले लिया गया है, जबकि इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

​मध्य रात्रि को दिया वारदात को अंजाम

​जानकारी के अनुसार, शनिवार और रविवार की दरमियानी रात बाल संप्रेषण गृह में तैनात सुरक्षा गार्डों के साथ बाल अपचारियों ने अचानक मारपीट शुरू कर दी। गार्ड्स को संभलने का मौका दिए बिना वे उन्हें चकमा देकर संप्रेषण गृह की सुरक्षा दीवारों को लांघकर भाग निकले। भागे गए सभी अपचारी गंभीर आपराधिक पृष्ठभूमि वाले हैं।

​पुलिस की मुस्तैदी से 6 पकड़ाए, मास्टरमाइंड की खोज जारी

​घटना की जानकारी मिलते ही जिलेभर में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई रंग लाई और नामली थाना क्षेत्र से 6 फरार बाल अपचारियों को घेराबंदी कर धर दबोचा गया। हालांकि, इस फरारी की पूरी योजना तैयार करने वाला मुख्य मास्टरमाइंड बाल अपचारी अब भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

​वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया जायजा, सुरक्षा पर उठे सवाल

​घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी गायत्री सोनी और एसडीएम तरुण जैन सहित पुलिस व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा कमियों की समीक्षा की और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों से पूछताछ की।बाल संप्रेषण गृह से संगीन अपराधों के आरोपियों का इस तरह फरार होना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करता है।

लापरवाही बरतने वालों पर होगी कार्रवाई

बाल संप्रेषण गृह में तीन पारियों में सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं। रात को भी एक सुरक्षा कर्मचारी तैनात था। बाल अपचारियों ने एक जुटता के साथ सुरक्षा कर्मचारी पर हमला कर मारपीट की और 7 फरार हो गए।  6 को तत्काल हिरासत में ले लिया गया। विस्तृत जांच कर लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही फरार मास्टरमाइंड को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

तरुण जैन, एसडीएम, रतलाम