धर्म संस्कृति : श्री कालिका माता मंदिर में गरबे के दौरान रील बनाने पर रहेगा प्रतिबंध
⚫ रतलाम में नवरात्रि महोत्सव 2026 की तैयारियां शुरू
⚫ विजयादशमी पर भव्य राम रथ यात्रा
हरमुद्दा
रतलाम, 29 सितंबर। सनातन धर्म, सांस्कृतिक मर्यादा और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए श्री कालिका माता सेवा मंडल ट्रस्ट द्वारा आगामी नवरात्रि महोत्सव 2026 की भव्य तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। मंदिर प्रांगण में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन पूर्ण आस्था और उल्लास के साथ आयोजित किए जाएंगे।

सनातन संस्कृति और गरबा रास की पवित्रता बनाए रखने के लिए ट्रस्ट ने इस बार एक कड़ा और सराहनीय निर्णय लिया है। आयोजन के दौरान मंदिर प्रांगण में रील बनाने, निजी फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा।
महोत्सव से जुड़ी प्रमुख जानकारियां
नवरात्रि प्रारंभ व दर्शन समय: 11 अक्टूबर (रविवार) को एकम से नवरात्रि का शुभारंभ होगा। प्रातः 4:00 बजे ब्रह्म मुहूर्त में मां कालिका की विशेष पूजा-अर्चना के बाद दर्शन प्रारंभ होंगे, जो रात्रि 11:00 बजे तक निरंतर खुले रहेंगे।
पारंपरिक गरबा रास: मंदिर प्रांगण में प्रतिदिन सुबह 4:00 से 6:00 बजे तक तथा शाम 7:00 से 9:00 बजे तक बालिकाओं द्वारा भक्तिमय वातावरण में पारंपरिक गरबा रास किया जाएगा।
महाअष्टमी व नवमी तिथि: इस वर्ष 19 अक्टूबर (सोमवार) को महाअष्टमी और नवमी एक साथ मनाई जाएगी। इस दिन
प्रातः काल गुलाल के साथ गरबा रास होगा। प्रातः 4:00 बजे से दर्शनार्थियों को खीर का प्रसाद वितरित किया जाएगा।
प्रातः 8:00 बजे महाअष्टमी का हवन प्रारंभ होकर पूर्णाहुति संपन्न होगी।
सांस्कृतिक मर्यादा और रील बनाने पर रोक
आज के दौर में धार्मिक स्थलों और गरबा पंडालों में सोशल मीडिया रील बनाने के नाम पर होने वाली अभद्रता व ध्यान भटकाने वाली गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए यह फैसला लिया गया है। ट्रस्ट के अनुसार, गरबे के दौरान किसी भी निजी फोटोग्राफर, वीडियोग्राफर या रील बनाने वाले को अनुमति नहीं होगी। केवल प्रामाणिक मीडिया एवं न्यूज़ पोर्टल से जुड़े पत्रकारों को ही कवरेज की अनुमति दी जाएगी।
गरबा पंजीयन प्रक्रिया
गरबा रास में भाग लेने वाली महिलाओं व बालिकाओं (न्यूनतम आयु 5 वर्ष) के लिए पंजीयन अनिवार्य रखा गया है।
पंजीयन अवधि: 1 अक्टूबर (गुरुवार) से 10 अक्टूबर (शनिवार) तक
समय: प्रतिदिन शाम 7:00 बजे से 9:00 बजे तक
स्थान: झूलेलाल मंदिर हॉल
आवश्यक दस्तावेज: पहचान हेतु आधार कार्ड (या अन्य वैध पहचान पत्र) एवं एक पासपोर्ट साइज फोटो।
विजयादशमी पर भव्य राम रथ यात्रा

20 अक्टूबर (मंगलवार) को दशहरे के पावन पर्व पर शाम 5:00 बजे नगर पालिका निगम से श्री कालिका माता सेवा मंडल ट्रस्ट द्वारा भव्य राम रथ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में मां कालिका माता रानी की नयनाभिराम झांकी आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगी, जिसके माध्यम से माता रानी नगर भ्रमण कर भक्तों को आशीर्वाद प्रदान करेंगी। यह यात्रा रात्रि 9:00 बजे नेहरू स्टेडियम पहुंचेगी, जहां परंपरा अनुसार रावण दहन का कार्यक्रम संपन्न होगा।
धर्म लाभ लेने का आह्वान
ट्रस्ट अध्यक्ष राजाराम मोतियानी, उपाध्यक्ष मोहनलाल भट्ट, सचिव हरीश कुमार बिंदल तथा कोषाध्यक्ष पूरणमल अग्रवाल सहित सभी पदाधिकारियों ने धर्मप्रेमी जनता से सभी धार्मिक आयोजनों में सहभागिता कर धर्म लाभ लेने का आह्वान किया है
Hemant Bhatt