सैफी नगर फायरिंग कांड का खुलासा :  सुपारी देकर कराई गई फायरिंग में 05 आरोपी गिरफ्तार

सैफी नगर फायरिंग कांड का खुलासा :  सुपारी देकर कराई गई फायरिंग में 05 आरोपी गिरफ्तार

शेयर मार्केट/पैसों के लेनदेन के विवाद में रची गई थी साजिश

⚫ मुख्य साजिशकर्ता की तलाश जारी

⚫ गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में हुआ सनसनीखेज खुलासा

हरमुद्दा
रतलाम, 20 जून। शुक्रवार दोपहर को रतलाम के सैफी नगर में हुई गोलीबारी की घटना में पुलिस ने त्वरित करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में भोला, विनीत, अजय, रविंद्र, कन्हैया शामिल हैं। मुख्य साजिशकर्ता विनोद शर्मा अभी पुलिस के पकड़ से बाहर है। शेयर मार्केट रुपए को लेनदेन को लेकर साजिश रची गई थी। पुलिस ने बताया कि यह हमला सुपारी देकर करवाया गया था। गोलीबारी की घटना में फरियादी कमल सोनी की पत्नी मनीष सोनी बाल-बाल बच गई।

घटना को अंजाम देकर वाहन से भागते हुए आरोपी

पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर हुई प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने थाना दीनदयाल नगर क्षेत्र अंतर्गत सैफी नगर में हुई जानलेवा फायरिंग की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए बताया कि 05 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पत्रकार वार्ता में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश पन्द्रों, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल सहित अन्य मौजूद थे।

पुलिस से भागने के दौरान घायल हुए आरोपी

यह हुई थी घटना

शुक्रवार 19 जून को लगभग दोपहर 3:16 बजे थाना दीनदयाल नगर क्षेत्र के मकान नंबर 80, सैफी नगर, रतलाम पर अज्ञात बदमाशों द्वारा फायरिंग की गई। घटना के समय फरियादी कमल सोनी, जो चांदनी चौक स्थित श्री गणेश ज्वेलर्स के संचालक हैं, अपने पुत्र के साथ जावरा गए हुए थे। घर पर उनकी पत्नी मनीषा सोनी, पुत्र अमित सोनी, दिव्यांश सोनी एवं पुत्रवधू मौजूद थे।

पत्नी मनीषा सोनी पर चलाई गोली

इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चेहरे ढके हुए चार आरोपी घर के बाहर पहुंचे। मनीषा सोनी के खिड़की के पास खड़े होने पर एक आरोपी ने जान से मारने की नियत से पिस्टल से फायर किया। सतर्कता दिखाते हुए पीड़िता नीचे झुक गईं, जिससे गोली उन्हें न लगकर खिड़की के कांच में लगी और कांच टूट गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना दीनदयाल नगर में हत्या के प्रयास संबंधी प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में हुआ सनसनीखेज खुलासा

गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उन्होंने विनय शर्मा उर्फ वीनू के कहने पर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया। विवेचना में यह तथ्य सामने आया कि फरियादी के पुत्र दिव्यांश सोनी का सरवन निवासी आदित्य के साथ शेयर मार्केट/एमसीएक्स से जुड़े पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इस संबंध में पूर्व में शिकायत भी दी गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कथित रूप से आदित्य द्वारा पैसों की वसूली/दबाव बनाने के उद्देश्य से विनय शर्मा को सुपारी दी गई, जिसके बाद विनय शर्मा ने अपने साथियों के माध्यम से फायरिंग की वारदात करवाई।

गिरफ्तार आरोपी

⚫ भोला पिता रामेश्वर पाटीदार (29), निवासी पैलेस रोड, रतलाम

⚫ विनीत उर्फ चुचू पिता महेंद्र सिंह बड़गोतिया (25), निवासी रिटायर्ड कॉलोनी, लक्ष्मणपुरा, रतलाम

⚫ अजय उर्फ गट्टू पिता हरिराम चौहान (24), निवासी आनंद कॉलोनी, रतलाम

⚫ रविन्द्र पिता मिथलेश राजन (32), निवासी रेल नगर, रतलाम।

⚫ कन्हैया नायक पिता हीरालाल (43)।

फरार आरोपी 

⚫ विनोद उर्फ वीनू पिता प्यारेलाल शर्मा एवं अन्य

शामिल व्यक्तियों की भूमिका पर जांच

प्रकरण में अन्य फरार आरोपियों, घटना में प्रयुक्त हथियारों तथा पूरे षड्यंत्र में शामिल व्यक्तियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। रतलाम पुलिस द्वारा सभी संबंधित आरोपियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।