रणथंबोर एक्सप्रेस के पहियों से निकला धुआं, यात्रियों में मचा हड़कंप
⚫ घटना लूनी रिछा स्टेशन की
⚫ ब्रेक जाम होने से निकला धुआं
⚫ तकनीकी परीक्षण और सुधार के बाद 20 मिनट पश्चात गंतव्य की ओर ट्रेन रवाना
हरमुद्दा
रतलाम, 18 जून। गुरुवार को सुबह रणथंभौर एक्सप्रेस में उस समय हड़कंप मच गया, जब ट्रेन के एक जनरल कोच के पहियों से अचानक घने धुएं का गुबार निकलने लगा। डिब्बे में सवार लोगों में दहशत फैल गई और डिब्बे से फटाफट दूसरी लाइन पर उतर गए यह गनीमत रहेगी, उस तरफ से कोई ट्रेन नहीं आई, वरना और कोई गंभीर हादसा हो सकता था। लोको पायलट और गार्ड की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया और समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया।

घटना सुबह करीब 9:20 बजे लूनी रिछा स्टेशन के समीप की है। इंदौर से जोधपुर जाने वाली गाड़ी संख्या 12465 के पहियों के पास से धुआं उठता देख यात्रियों में दहशत फैल गई।
जनरल कोच के ब्रेक वाले हिस्से से निकला धुंआ
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेन जब लूनी रिच्छा स्टेशन के पास थी, तभी उसके आगे स्थित जनरल कोच के ब्रेक वाले हिस्से से अचानक धुआं निकलने लगा। इसे देखकर कोच के भीतर बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। अनहोनी की आशंका के चलते कई यात्री एहतियात के तौर पर अपने सामान के साथ तुरंत ट्रेन से नीचे उतर गए। मौके पर कुछ देर के लिए डर का माहौल बन गया था।

तकनीकी स्टाफ ने संभाला मोर्चा
धुएं की सूचना मिलते ही लोको पायलट और गार्ड ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन को तुरंत रुकवाया। रेलवे कर्मचारियों और तकनीकी स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और प्रभावित कोच की जांच शुरू की।

ब्रेक जाम होने से निकला धुआं
रेल मंडल कोटा के जनसम्पर्क विभाग के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जनरल कोच के पहियों के ब्रेक जाम (Brake Binding) हो गए थे, जिसके घर्षण के कारण धुआं निकल रहा था।
करीब 20 मिनट पश्चात ट्रेन हुई गंतव्य के लिए रवाना
तकनीकी टीम ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए जाम हुए ब्रेक को रिलीज कराया। सुरक्षा संबंधी कड़े परीक्षण और पूरी तरह से खतरा टल जाने की पुष्टि के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। इस दौरान ट्रेन करीब 20 मिनट तक लूनी रिच्छा स्टेशन पर खड़ी रही।
अप लाइन का रेल यातायात रहा प्रभावित
इस अचानक आई तकनीकी खराबी के कारण अप लाइन का रेल यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ। रणथंभौर एक्सप्रेस के खड़े होने के कारण पीछे से आ रही अवध एक्सप्रेस को भी कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। इसके अलावा अन्य कई ट्रेनों की आवाजाही पर भी इसका असर देखा गया।
Hemant Bhatt