सामाजिक सरोकार और प्रतिभाओं का सम्मान: नागर ब्राह्मण समाज ने दिया एकजुटता व संस्कारों का संदेश

सामाजिक सरोकार और प्रतिभाओं का सम्मान: नागर ब्राह्मण समाज ने दिया एकजुटता व संस्कारों का संदेश

68 छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर किया सम्मानित

⚫ अखिल भारतीय स्मारिका ‘नागर वैभव’ का हुआ गरिमामय विमोचन

⚫ महिलाओं और युवाओं ने भावविभोर होकर किए नृत्य 

हरमुद्दा
​रतलाम, 20 सितंबर। समाज में सामाजिक एकजुटता, युवाओं के मार्गदर्शन और पारिवारिक सरोकारों को मजबूती देने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश नागर ब्राह्मण परिषद द्वारा सागोद रोड स्थित देवश्री गार्डन में दो दिवसीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत रविवार को प्रतिभा सम्मान समारोह तथा अखिल भारतीय स्मारिका ‘नागर वैभव’ का गरिमामय विमोचन हुआ।


​शिक्षा और संस्कारों से सजेगा युवाओं का भविष्य

समारोह के दौरान समाज की होनहार प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करते हुए नर्सरी से लेकर स्नातकोत्तर तक के 68 छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सेवानिवृत्त वरिष्ठ नागरिकों, विशिष्ट प्रतिभाओं तथा 5 नवागंतुक सदस्यों का भी अभिनंदन किया गया।

शिक्षा के साथ संस्कारों का होना जरूरी : डॉक्टर व्यास

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उज्जैन के डॉ. अरुण व्यास ने संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान दौर में शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में संस्कारों का होना अत्यंत आवश्यक है और संस्कारवान भावी पीढ़ी के निर्माण में मातृशक्ति की भूमिका सबसे अहम होती है।

असफलता ही सफलता की जननी : नागर

वहीं विशेष अतिथि शिक्षाविद् सुश्री श्वेता नागर ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि असफलता ही सफलता की जननी है, इसलिए सफल होने के बाद भी अपनी असफलताओं के सीख को हमेशा याद रखना चाहिए। समाजसेवी महादेव प्रसाद नागर ने सफल आयोजन के लिए परिषद की पूरी टीम को बधाई दी।

रिश्ते तय करने के लिए उपयोगी रहेगी पत्रिका

वैवाहिक संबंधों में मील का पत्थर साबित होगी 'नागर वैभव'
​कार्यक्रम में 120 पृष्ठों वाली बहुरंगी स्मारिका ‘नागर वैभव’ का भव्य विमोचन किया गया। संपादक ओम त्रिवेदी, सह-संपादक मनीष रावल एवं आशीष नागर के संयोजन में तैयार इस स्मारिका में 300 से अधिक नागर ब्राह्मण युवक-युवतियों का सचित्र बायोडाटा संकलित किया गया है। यह स्मारिका सामाजिक बंधनों को जोड़ने और वैवाहिक रिश्ते तय करने में समाजजनों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।

​भक्ति और उल्लास के साथ हुआ पहले दिन के आयोजन का समापन

भगवान श्री हाटकेश्वर के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम का संचालन विवेक नागर ने किया तथा आभार संदीप जोशी ने व्यक्त किया। अतिथियों का स्वागत परिषद अध्यक्ष पं. जितेंद्र नागर, संदीप जोशी, निर्मल व्यास, बबलू, ओम त्रिवेदी, हेमंत भट्ट सहित अन्य पदाधिकारियों द्वारा किया गया। मंच पर हाटकेश्वर न्यास अध्यक्ष संजय दवे एवं महिला परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी रावल भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
​समारोह के अंतिम चरण में संगीतमय भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें भजनों की मधुर धुनों पर समाज की महिलाओं और युवाओं ने भावविभोर होकर नृत्य किया और पूरा परिसर हाटकेश्वर महादेव के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।