सामाजिक सरोकार : सकारात्मक पत्रकारिता ही सशक्त, संस्कारित और समृद्ध समाज की पहचान
⚫ ब्रह्माकुमारी उर्मिला दीदी ने कहा
⚫ प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के डोंगरे नगर स्थित सेवा केंद्र पर हुआ 'मीडिया स्नेह मिलन'
हरमुद्दा
रतलाम, 11 जुलाई। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के डोंगरे नगर स्थित सेवा केंद्र पर 'मीडिया स्नेह मिलन' कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में रतलाम जिले के विभिन्न समाचार पत्रों, न्यूज़ चैनलों, समाचार एजेंसियों और डिजिटल मीडिया के संपादकों, वरिष्ठ पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर समाज में ज्ञान, सत्य और सकारात्मक चेतना का प्रकाश फैलाने के संकल्प के साथ हुआ।

खबरों में भय और तनाव के बजाय समाधान और आशा की जरूरत
माउंट आबू से पधारी मुख्य वक्ता और 'ज्ञानामृत' मासिक पत्रिका की संपादिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी उर्मिला दीदी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा "मीडिया केवल समाज का दर्पण नहीं, बल्कि उसके भविष्य का निर्माता भी है। आज के दौर में सकारात्मक पत्रकारिता का अर्थ सच्चाई को छिपाना नहीं, बल्कि सत्य के साथ-साथ समाज को समाधान और प्रेरणा का मार्ग दिखाना है। जब भय और तनाव के बीच आशा, सेवा और मानवीय संवेदनाओं की कहानियों को महत्व मिलेगा, तभी एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण होगा।"
उर्मिला दीदी ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि जब पत्रकार स्वयं भीतर से शांत, संतुलित और मूल्यनिष्ठ होंगे, तभी उनकी लेखनी समाज को जोड़ने और जागरूक करने में प्रभावी सिद्ध होगी। उन्होंने सभी मीडियाकर्मियों से अपनी लेखनी और कैमरे के माध्यम से मानवता, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।
अध्यात्म और मीडिया का समन्वय ही बदलेगा समाज की सोच

इंदौर से पधारी ब्रह्माकुमारीज़ मीडिया विंग की कोर कमेटी सदस्या ब्रह्माकुमारी अनिता दीदी ने सभी पत्रकार बंधुओं का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जब पत्रकारिता में आध्यात्मिक दृष्टिकोण जुड़ जाता है, तो समाचार केवल जानकारी नहीं देते, बल्कि लोगों के जीवन को बदलने का माध्यम बन जाते हैं। उन्होंने मीडिया जगत से नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, युवा जागृति और सेवा जैसे विषयों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।
राजयोग मेडिटेशन से तनावमुक्ति का अनुभव
तनावपूर्ण माहौल में काम करने वाले पत्रकारों के लिए सेवा केंद्र संचालिका ब्रह्माकुमारी सविता दीदी ने एक विशेष सत्र लिया। उन्होंने उपस्थित सभी मीडिया प्रतिनिधियों को गहन राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराया। सविता दीदी ने कहा कि सकारात्मक पत्रकारिता की शुरुआत सकारात्मक मन से होती है। प्रतिदिन कुछ समय का आत्मचिंतन और मेडिटेशन पत्रकारों को तनावमुक्त और प्रभावशाली जीवन जीने में मदद कर सकता है।
सांस्कृतिक प्रस्तुति और सम्मान के साथ समापन

कार्यक्रम के समापन पर श्रीनाथ योगी ने भारत की गौरवशाली संस्कृति और आध्यात्मिक महिमा पर आधारित एक अत्यंत भावपूर्ण और ओजस्वी गीत प्रस्तुत किया, जिसने पूरे माहौल को देशभक्ति और ऊर्जा से भर दिया। अंत में सभी उपस्थित पत्रकारों को ईश्वरीय सौगात भेंट कर सम्मानित किया गया। संचालन ब्रह्माकुमारी आरती बहन द्वारा किया गया।
Hemant Bhatt