रतलाम में बड़ी कार्रवाई: कपास और मक्का के खेतों के बीच गांजे की अवैध खेती का भंडाफोड़

रतलाम में बड़ी कार्रवाई: कपास और मक्का के खेतों के बीच गांजे की अवैध खेती का भंडाफोड़

⚫ 1.50 लाख के हरे पौधे जब्त

⚫ दो आरोपी गिरफ्तार

​हरमुद्दा

रतलाम, 10 अक्टूबर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती, तस्करी और बिक्री पर नकेल कसने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार सख्त कदम उठा रहा है। इसी अभियान के तहत रतलाम पुलिस ने शिवगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कपास और मक्का की फसल के बीच छिपकर की जा रही गांजे की अवैध खेती का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से 127 हरे गांजे के पौधे, जिनका कुल वजन 17.025 किलोग्राम है, जब्त किए हैं। जप्त किए गए मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत ₹1,50,000 आंकी गई है।


​पुलिस अधिकारियों का मार्गदर्शन और ऑपरेशन की रूपरेखा
​यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देशन में अमल में लाई गई। इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश पन्द्रो और एसडीओपी (ग्रामीण) किशोर पाटनवाला का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। पूरी कार्रवाई का नेतृत्व एसडीओपी सैलाना लेखराज मीणा (आईपीएस) ने किया, जिसमें थाना प्रभारी शिवगढ़ निरीक्षक लिलियन मालवीय की टीम ने मुख्य भूमिका निभाई।

मुखबिर की सूचना पर दी दबिश

घटना का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि 09 अक्टूबर 2026 को थाना शिवगढ़ पुलिस को एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम जाम्बुकुड़ी निवासी प्रभुलाल ने अपने खेत में अवैध रूप से गांजे के पौधे उगा रखे हैं।
​सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने तुरंत रणनीति बनाई और बताए गए खेत पर पहुंचकर घेराबंदी कर दबिश दी। खेत के अंदर दो व्यक्ति काम करते हुए नजर आए, जो पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगे। हालांकि, सतर्क पुलिस बल और पंचों की सहायता से दोनों को तुरंत दबोच लिया गया।

फसल की आड़ में चल रहा था अवैध कारोबार

पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे वाले खेत की बारीकी से तलाशी ली गई तो चौंकाने वाला सच सामने आया। आरोपियों ने कानून की नजरों से बचने के लिए कपास और मक्का की घनी फसलों के बीच छिपाकर अलग-अलग जगहों पर गांजे के पौधे उगा रखे थे।
​पंचों के समक्ष जब पौधों की गिनती और वजन किया गया, तो कुल 127 हरे पौधे मिले, जिनका कुल वजन 17.025 किलोग्राम पाया गया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस अवैध नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।

गिरफ्तार आरोपी

⚫ प्रभुलाल (35 वर्ष), पिता रखमा पारगी, निवासी - ग्राम जाम्बुकुड़ी, थाना शिवगढ़, जिला रतलाम।

⚫ प्रकाश (29 वर्ष), पिता विश्राम देवधा, निवासी - मनासा, थाना शिवगढ़, जिला रतलाम (हाल मुकाम - ग्राम जाम्बुकुड़ी)।

जब्त मशरूका

⚫ गांजे के हरे पौधे: 127 नग

⚫ कुल वजन: 17.025 किलोग्राम

⚫ अनुमानित कीमत: लगभग ₹1,50,000/-

सराहनीय भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम

इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थाना प्रभारी शिवगढ़ निरीक्षक लिलियन मालवीय के साथ उपनिरीक्षक प्रतापसिंह भदोरिया, अजमेरसिंह भुरिया, प्रधान आरक्षक जितेन्द्रपालसिंह राठौर, विक्रमसिंह घोसरे, रघुवीर सिंह, आरक्षक अनिल सूर्यवंशी, मनीष खराड़ी, महिला आरक्षक सावित्री मकवाने और रेणु डावर शामिल रहे।
​