सामाजिक सरोकार : सेवा, संस्कार और मानसिक स्वास्थ्य के संकल्प के साथ वंदना सोनी ने संभाली इनर व्हील क्लब रतलाम की कमान

सामाजिक सरोकार : सेवा, संस्कार और मानसिक स्वास्थ्य के संकल्प के साथ वंदना सोनी ने संभाली इनर व्हील क्लब रतलाम की कमान

⚫ हुआ 35 वां शपथ ग्रहण समारोह 

⚫ मुख्य अतिथि डॉ. अर्चना शर्मा ने दिया बच्चों और अभिभावकों के लिए मेंटल हेल्थ व काउंसलिंग सेमिनार आयोजित करने का सुझाव

हरमुद्दा
​रतलाम, 10 जुलाई। इनर व्हील क्लब रतलाम का 35वाँ शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस गौरवशाली क्षण में क्लब की निवर्तमान अध्यक्ष बबीता श्रीवास्तव ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष वंदना सोनी को कॉलर पहनाकर अध्यक्ष पद का विधिवत कार्यभार सौंपा। समारोह की विशिष्ट अतिथि रेलवे अस्पताल रतलाम की प्रसिद्ध ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. अर्चना शर्मा रहीं।

​कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात नई कार्यकारिणी ने विशिष्ट अतिथि का अंगवस्त्र एवं पुष्पहार से आत्मीय स्वागत किया। अतिथियों का परिचय निर्मला त्रिवेदी एवं संगीता शिवानी ने कराया।

अंतिम व्यक्ति तक पहुँचेगी सेवा की किरण : वंदना सोनी

​पहले अध्यक्षीय उद्बोधन में नवनिर्वाचित अध्यक्ष वंदना सोनी ने ऊर्जावान और सेवाभावी विज़न प्रस्तुत किया।
​"इनर व्हील क्लब रतलाम का यह नया कार्यकाल 'सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व' की भावना को समर्पित होगा। हमारा लक्ष्य स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्रों में व्यापक जनहितकारी गतिविधियाँ चलाना है। हम सभी सदस्याओं के सहयोग से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा का लाभ पहुँचाने का प्रामाणिक प्रयास करेंगे।"

​शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य भी जरूरी : डॉ. अर्चना शर्मा

​विशिष्ट अतिथि डॉ. अर्चना शर्मा ने क्लब के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए समाज की एक बेहद संवेदनशील जरूरत की ओर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि मानसिक रूप से स्वस्थ और संस्कारित समाज का निर्माण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। डॉ. शर्मा ने क्लब को एक बेहद व्यावहारिक सुझाव देते हुए कहा कि क्लब को बच्चों और अभिभावकों के लिए मेंटल हेल्थ (मानसिक स्वास्थ्य), पारिवारिक संवाद, संस्कार और सकारात्मक जीवन मूल्यों पर विशेष सेमिनार व काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित करने चाहिए। जब समाज मानसिक रूप से सशक्त होगा, तभी हम राष्ट्र को जिम्मेदार और चरित्रवान नागरिक दे सकेंगे।

​स्मृति-चिह्न भेंट कर जताया आभार 

​कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष वंदना सोनी एवं सचिव साधना मूणत ने विशिष्ट अतिथि डॉ. अर्चना शर्मा को उनकी प्रेरक उपस्थिति के लिए स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

यह थे मौजूद

​इस गरिमामय अवसर पर क्लब की नई कार्यकारिणी और वरिष्ठ सदस्याएँ बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं, जिनमें सचिव साधना मूणत, शिवानी भार्गव, निर्मला त्रिवेदी संध्या पुष्पद, आर. गायत्री आदि मौजदू थे। संचालन शिवानी भार्गव ने किया। सचिव साधना मूणत ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।