कार्रवाई : चेन झपटमारी में पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

कार्रवाई : चेन झपटमारी में पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

सोने की चेन और बाइक जब्त

हरमुद्दा
​रतलाम, 10 जुलाई। थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने शहर में हुई चेन झपटमारी की वारदात के आरोपियों को पकड़ने में 1 साल लगा दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है।


​यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के मार्गदर्शन एवं औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी निरीक्षक गायत्री सोनी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई।

सुबह-सुबह मंदिर के पास दिया वारदात को अंजाम

​घटना 21 अगस्त 2025 की सुबह करीब 5 बजे की है। फरियादी ज्ञान प्रकाश व्यास (पिता घनश्याम व्यास), निवासी 35 लक्ष्मणपुरा, हमेशा की तरह सुबह अपने घर से कचरा डालने के लिए चामुंडा माता मंदिर के पास गए थे। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात बदमाश ने उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन तोड़ ली और मौके से फरार हो गया। पूरी वारदात पास में लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई थी। फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 620/2025 पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

​सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता

​थाना प्रभारी सोनी के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल और बदमाशों के भागने के संभावित रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के विश्लेषण और मुखबिरों से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया। पकड़े गए आरोपियों  में ​कुलदीप पिता घनश्याम प्रजापत (उम्र 28 वर्ष), निवासी सिलावटों का वास, रतलाम तथा ​अनिल पिता गोपाल टांक (उम्र 35 वर्ष), निवासी लक्ष्मणपुरा, रतलाम है।

योजना बद्ध तरीके से दिया घटना को अंजाम

​आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने अन्य साथी के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से इस चेन झपटमारी को अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की हीरो एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल और फरियादी से झपटी गई सोने की चेन बरामद कर ली है। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।