सामाजिक सरोकार : भक्ति, शक्ति और संस्कृति का हुआ संगम
⚫ रतलाम में नागर ब्राह्मण परिषद का हुआ वार्षिक मिलन समारोह
⚫ प्रतिभाओं ने कला से मंत्रमुग्ध किया दर्शकों को
हरमुद्दा
रतलाम, 5 अप्रैल। नागर ब्राह्मण परिषद शाखा रतलाम के तत्वावधान में आयोजित 'मिलन समारोह' श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ हुआ। इस गरिमामय आयोजन में समाज के वरिष्ठ जनों, मातृशक्ति और युवा वर्ग ने बढ़-चढ़कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और सामाजिक एकता का परिचय दिया।

कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ परिषद के अध्यक्ष पंडित जितेंद्र रावल एवं महिला अध्यक्ष मीनाक्षी राजेंद्र रावल द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। सांस्कृतिक सत्र का प्रारंभ नन्ही वैभवी द्वारा प्रस्तुत 'गणेश वंदना' से हुआ, जिसके पश्चात सुभद्रा मेहता ने 'सरस्वती वंदना' प्रस्तुत की।
बजट एवं संगठनात्मक चर्चा
सामाजिक विकास की दिशा में कदम बढ़ाते हुए परिषद अध्यक्ष संजय दवे एवं पंडित जितेंद्र रावल ने समाज का वार्षिक बजट प्रस्तुत किया और आगामी योजनाओं की रूपरेखा साझा की।
प्रतिभाओं ने कला से मंत्रमुग्ध किया दर्शकों को
समारोह में आयुषी दवे, देविका जोशी, श्रद्धा त्रिवेदी और साक्षी मेहता ने भगवान शिव की महिमा में अत्यंत मनोहारी 'शिव स्तुति' नृत्य प्रस्तुत किया। अमिता मेहता, अलका मेहता, रानू मेहता, नीतू मेहता, भावना दवे और अर्चना मेहता ने पारंपरिक मालवी लोक नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। सोना एवं हरीश मेहता ने युगल गीतों से श्रोताओं को आनंदित किया।
महिलाओं का किया सम्मान
समाज की मातृशक्ति और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने हेतु सम्मान सत्र आयोजित किया गया। वरिष्ठ समाजसेविका कमला देवी रावल ने विद्या देवी जोशी, हेमा देवी रावल एवं हेमा व्यास को शाल एवं पुष्पहार भेंट कर 'स्वयं सिद्धा' के रूप में सम्मानित किया। सुश्री श्वेता नागर को उनकी विशिष्ट उपलब्धियों के लिए महिला कार्यकारिणी द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया। साथ ही, समाज की सभी वरिष्ठ माताओं का भी अभिनंदन किया गया। संचालन पूनम व्यास ने किया। संदीप जोशी ने आभार माना।
Hemant Bhatt