निगम का साधारण सम्मेलन होगा 7 अप्रैल को, बजट पर होगी चर्चा

निगम का साधारण सम्मेलन होगा 7 अप्रैल को, बजट पर होगी चर्चा

विभिन्न मार्गों के नए नाम रखने पर भी होगी चर्चा

⚫ लीज तथा रजिस्ट्री के प्रस्ताव पर होगा निर्णय

हरमुद्दा
रतलाम 6 अप्रैल। नगर निगम का साधारण सम्मेलन निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा की अध्यक्षता में 7 अप्रैल मंगलवार को प्रातः 11 बजे से  निगम सभागृह में आयोजित होगा। आयोजित सम्मेलन में निगम का वर्ष 2026-27 का आय-व्यय पत्रक (बजट) प्रस्तुत किया जाएगा। बजट पर चर्चा होगी।


आयोजित सम्मेलन में वार्ड क्रमांक 25 फूलमण्डी चौराहे से हाकिमवाड़ा तक की सड़क का नाम भारत देश की प्रथम महिला शिक्षिका एवं समाज सुधारिका तथा मराठी कवयित्री सावित्रीबाई फुले मार्ग रखे जाने एवं वार्ड क्रमांक 26 में स्थित फूल मण्डी चौराहे से हाकमवाड़ा की सड़क का नाम हरमाला रोड से बदलकर विरांगना गुजरी माता पन्ना धाय के नाम से रखे जाने, निर्माणाधीन स्पोर्टस कॉम्पलेक्स का नाम छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम से रखे जाने, साक्षी पेट्रोल पम्प वाले तिराहे का नाम श्री रघुवीर टाट वाले महाराज पर के नाम पर रखे जाने तथा दो बत्ती चौराहा से स्टेशन रोड (फ्रीगंज रोड) का नाम भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखे जाने के प्रस्ताव पर चर्चा कर निर्णय लिया जाना है।

लीज तथा रजिस्ट्री के प्रस्ताव पर होगा निर्णय

इसके अलावा नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग अन्तर्गत लायसेंस शाखा में लायसेंस की विभिन्न मदों में लायसेंस शुल्क वृद्धि, नगर निगम की विकास शाखा द्वारा नगर सुधार न्यास की विभिन्न योजनाओं में तीस वर्ष की लीज पर आवंटित भूखण्ड/भवन की लीज समाप्त हो जाने से म0प्र0 नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 (क्रमांक 23 सन 1956) की धारा 80 मध्यप्रदेश नगर पालिका अचल संपत्ति का अंतरण नियम 2016) एवं संशोधन 04 मई 2021 के प्रावधानों के अंतर्गत आगामी 30 वर्षों हेतु बढ़ाये जाने तथा नगर सुधार न्यास की विभिन्न योजनाओं में 16 भूखण्डधारियों में से 4 भूखण्डधारियों की रजिस्ट्री संपादित किए जाने के प्रस्ताव पर चर्चा कर निर्णय लिया जाना है।