चारों ओर सत्ता का दुरुपयोग, अधिकारी बेलगाम, भ्रष्टाचार का चरम, मोहन सरकार में आम आदमी परेशान, मोदी युग में हिटलर शाही हावी
⚫ पूर्व विधायक एवं नव मनोनीत कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष हर्ष विजय गहलोत का कहना
⚫ ग्रामीण अध्यक्ष गहलोत और शहर अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा ने प्रेस को बताई कार्य योजना
हरमुद्दा
रतलाम, 19 अगस्त। चारों ओर सत्ता का दुरुपयोग हो रहा है। प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है। बिना लेनदेन के कोई काम नहीं होता। देश में मोदी युग के चलते हिटलर शाही हावी है।
प्रशासनिक अधिकारी बेलगाम हो गए हैं। दफ्तर में कोई काम करना नहीं चाहता। प्रदेश में डॉक्टर मोहन यादव की सरकार में आम जन परेशान हैं। जनता की आवाज उठाने के लिए कांग्रेस अब पुरजोर प्रयास करेगी। युवाओं को आगे लाकर संगठन को मजबूत बनाएंगे।

कांग्रेस शहर अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा एवं ग्रामीण अध्यक्ष हर्ष विजय गहलोत
यह बात पूर्व विधायक एवं नव मनोनीत कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष हर्ष विजय गहलोत ने कही। नव मनोनीत श्री गहलोत एवं नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष व शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा ने संगठन की कार्य योजना से प्रेस को रूबरू कराया। नव मनोनीत पदाधिकारी ने बताया कि आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए चरणबद्ध कार्यक्रम तय किए जाएंगे। आंदोलन किए जाएंगे। शहर में महापौर का 3 वर्षीय कार्यकाल जीरो रहा है। सड़क सफाई सहित अन्य समस्याओं के लिए अलख जगाएंगे। सड़कों की लड़ाई में सभी वर्गों को शामिल करेंगे।

कांग्रेस में आई है मजबूती
श्री गहलोत ने कहा कि कांग्रेस को जिले से लेकर गली तक मजबूत बनाएंगे युवाओं को पूरा मौका दिया जाएगा। माना कि कांग्रेस संक्रमण काल से गुजर रही है लेकिन पिछले कुछ महीनों से मजबूती आई है। हम कांग्रेस में नए सिरे से गठन करेंगे। युवाओं को पूरा मौका दिया जाएगा। जिला, ब्लॉक, मोहल्ले गली तक में समितियां गठित की जाएगी। भाजपा के कारण युवा वर्ग भ्रमित हुआ है। अब हम पुन: कांग्रेस से उनका नाता जोड़ेंगे।
फर्जी मतदाताओं के लिए करेंगे अध्ययन
श्री गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी ने देश में वोट चोरी पकड़ी है जिले में भी हमें अध्ययन करना है। 26 से 30000 तक मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई। सैलाना विधानसभा क्षेत्र में ही मतदान के दौरान 4 बजे बाद लगभग 10 फ़ीसदी फर्जी मतदान हुआ है।
गरीब और आदिवासियों पर बढ़ा अत्याचार
गरीब और आदिवासियों पर अत्याचार बढ़ रहा है। मनरेगा का कार्य व्यवस्थित नहीं होने के कारण आदिवासी अंचल से पलायन लगातार हो रहा है। काम की तलाश में गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र की ओर जाना पड़ रहा है।

इस दौरान पूर्व शहर अध्यक्ष महेंद्र कटारिया, पूर्व विधायक पारस सकलेचा, जोएब आरिफ, कांग्रेस नेत्री यास्मीन शैरानी सहित अन्य मौजूद थे
Hemant Bhatt