जांच रिपोर्ट : देसी घी की जांच की कसौटी पर फेल हो गए मदर बेस्ट घी और यूपी फ्रेश घी
⚫ जब्त 1600 लीटर घी के सभी नमूने जांच में फेल
⚫ अनुमानित 630818 मूल्य का घी जब्त
⚫ अमानक घी के विनष्टीकरण की होगी कार्रवाई
हरमुद्दा
रतलाम 06 अप्रैल। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग में 27 फरवरी को कार्रवाई की थी जिसमें मदर डेयरी देसी घी और यूपी फ्रेश घी के नमूने लिए गए थे उनकी जांच रिपोर्ट पर पता चला है कि देसी घी की कसौटी पर दोनों ही फेल हो गए हैं।

कार्रवाई के दौरान खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारी
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेश गुप्ता ने बताया कि 27 फरवरी को खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम द्वारा फर्म महाकाल ट्रेडर्स ग्लोबस सिटी रतलाम पर कार्रवाई की गई थी। मौके पर सस्ता घी विक्रय होना पाया गया था।
अनुमानित 630818 मूल्य का घी जब्त
विभाग ने फर्म के संचालक विक्रांत त्यागी मदर बेस्ट और यूपी फ्रेश ब्रांडों के घी मां वैष्णो देवी फूड प्रोडक्ट एवं रिद्धि ट्रेडिंग कंपनी मुज़फ़्फ़र नगर यूपी से 310 रुपए लीटर में खरीदना बताया गया था। मौके पर यूपी फ्रेश क्वालिटी पर खाद्य पदार्थ का नाम अंकित नहीं होना पाया गया। मदर बेस्ट प्राइम क्वालिटी घी, गाय का घी एवं यूपी फ्रेश क्वालिटी के कुल 9 नमूने संग्रहित किए गए। शेष खाद्य सामग्री लगभग 1600 लीटर घी जिसका अनुमानित मूल्य 630818 रुपए को जब्त किया गया था एवं सीलबंद किया था।
जांच रिपोर्ट में हो गए फेल
खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुप्ता ने बताया कि उक्त सभी नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए थे, जहां से प्राप्त जांच रिपोर्ट के अनुसार सभी नमूने अवमानक एवं फेल पाए गए है।
अमानक घी के विनष्टीकरण की होगी कार्रवाई
रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत नियमानुसार विनिष्टीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
Hemant Bhatt