सामाजिक सरोकार : 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
⚫ बाल विवाह के विरुद्ध ली गई शपथ
⚫ कानून की जानकारी करेंगे सांझा
हरमुद्दा
रतलाम, 30 जनवरी। जिले में संचालित परियोजना एक्सेस टू जस्टिस के अंतर्गत जस्ट राइट्स फार चिल्ड्रेन एलायंस के सहयोग से 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत गहन जागरूकता अभियान का शुभारंभ ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर बाल विवाह के विरुद्ध उपस्थितजन को शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम का आयोजन वसुधा विकास संस्थान द्वारा किया गया, जिसमें जिला समन्वयक उमेश मेड़ा एवं हेमेन्द्र सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की सामूहिक शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर धन्नालाल डामर, सुरेश डामर सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कानून की जानकारी करेंगे सांझा
संस्था प्रतिनिधि उमेश मेड़ा ने बताया कि बाल विवाह मुक्ति रथ आगामी 100 दिनों तक रतलाम जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों, कस्बों, धार्मिक स्थलों, पुलिस थानों एवं विकासखंड मुख्यालयों का भ्रमण करेगा। इस दौरान संस्था के कार्यकर्ता समुदाय से संवाद कर बाल विवाह निषेध से संबंधित कानूनों की जानकारी साझा करेंगे।
सबको करेंगे जागरूक
अभियान के अंतर्गत धर्मगुरुओं, टेंट व्यवसायियों, ब्यूटी पार्लर संचालकों, हलवाइयों सहित अन्य सामाजिक प्रभावशाली वर्गों तक पहुच बनाकर उन्हें भी बाल विवाह रोकथाम के लिए जागरूक किया जाएगा, ताकि जिले में अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित की जा सके।
Hemant Bhatt