ट्रेन में आग : राजधानी ट्रेन के एसी कोच में लगी आग, मचा हड़कंप, जान बचाकर उतरे यात्री
ट्रेन में आग : राजधानी ट्रेन के एसी कोच में लगी आग, मचा हड़कंप, जान बचाकर उतरे यात्री
⚫ रतलाम जिले के आलोट के पास हादसा
⚫ कुछ गाड़ियां हुई प्रभावित
⚫ सिंगल लाइन चालू, अप डाउन एक ही लाइन से
⚫ डीआरएम पहुंचे घटनास्थल
हरमुद्दा
रतलाम, 17 मई। रविवार सुबह तड़के यात्रियों से भरी त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस में अचानक आग लग गई, जिससे ट्रेन में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। नींद सोए यात्री जान बचाकर यात्री नीचे उतरे। घटना से कुछ यात्री गाड़ियां प्रभावित हुई है राहत एवं बचाव कार्य के बाद सिंगल लाइन चालू कर दी गई है जिस पर अप डाउन दोनों गाड़ियां निकल जा रही है। घटनास्थल पर मांडलगढ़ प्रबंधक अश्विनी कुमार पहुंचे।

यह घटना रतलाम जिले के आलोट क्षेत्र से गुजर रही ट्रेन नंबर 12431 में सुबह लगभग 5:15 बजे लूणी रीछा और विक्रमगढ़ स्टेशन के बीच हुई। वहीं ट्रेन दिल्ली की ओर अपनी सामान्य गति से आगे बढ़ रही थी, तभी यह अप्रत्याशित हादसा सामने आया।
यात्रियों को निकाला सुरक्षित

वहीं प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग सबसे पहले वातानुकूलित कोच बी-1 में लगी। आग इतनी तेजी से फैली कि उसने देखते ही देखते पास के एक अन्य कोच को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख ट्रेन में लगे सुरक्षा हूटर बजने लगे, जिसने यात्रियों को खतरे के प्रति सचेत किया। हूटर की आवाज सुनते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और वे अपनी जान बचाने के लिए कोच से बाहर निकलने लगे। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
कोटा स्टेशन पर जोड़ा जाएगा नया कोच
जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि सूचना प्राप्त होते ही रेल प्रशासन द्वारा तत्काल कार्रवाई की गई। प्रभावित बी-1 कोच को रेक से अलग किया गया तथा ओएचई आपूर्ति बंद कर दी गई। घटनास्थल पर आग बुझा दी गई है। समस्त यात्री सुरक्षित हैं। कोई हताहत नहीं।
प्रभावित कोच के यात्रियों को घटनास्थल पर जलपान उपलब्ध कराया गया।
कुछ गाड़ियों का परिचालन हुआ बाधित
इस अप्रत्याशित घटना के चलते दिल्ली की ओर जा रही इस महत्वपूर्ण रेलगाड़ी का परिचालन बाधित हुआ। आग लगने के बाद कुछ समय तक रेल यातायात प्रभावित रहा, जिससे इस मार्ग पर चलने वाली अन्य ट्रेनों के संचालन पर भी असर पड़ा।
सिंगल लाइन पर यातायात शुरू
राहत एवं बचाव कार्य के बाद सिंगल लाइन का यातायात शुरू कर दिया है जिस पर अप और डाउन दोनों गाड़ियों को चलाया जा रहा है। प्रभावित यात्रियों की आगे की यात्रा हेतु अन्य कोचों में समायोजित करके कोटा तक ले जाया जाएगा। कोटा स्टेशन पर अतिरिक्त कोच जोड़ा जाएगा। घटना के बाद कुछ यात्री गाड़ियों को अलग-अलग स्टेशन पर रोका गया।
डीआरएम अश्वनी कुमार घटनास्थल पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ रेल अधिकारी स्थिति की गंभीरता को तुरंत समझ गए। यद्यपि घटना स्थल राजस्थान के कोटा रेल मंडल क्षेत्र में आता है, लेकिन भौगोलिक रूप से रतलाम रेल मंडल मुख्यालय निकट होने के कारण रतलाम मंडल के डीआरएम अश्वनी कुमार भी तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। उन्होंने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
Hemant Bhatt