सामाजिक सरोकार : नागर ब्राह्मण समाज का दो दिवसीय महाकुंभ 19 से,  प्रतिभा सम्मान, स्मारिका विमोचन

सामाजिक सरोकार : नागर ब्राह्मण समाज का दो दिवसीय महाकुंभ 19 से,  प्रतिभा सम्मान, स्मारिका विमोचन

⚫ ​20 सितम्बर को होगा अखिल भारतीय युवक-युवती परिचय सम्मेलन

हरमुद्दा
​रतलाम, 17 सितंबर। सामाजिक एकजुटता, युवाओं के मार्गदर्शन और वैवाहिक संबंधों को सुगम बनाने के उद्देश्य से नागर ब्राह्मण समाज द्वारा आगामी 19 एवं 20 सितम्बर को सागोद रोड़ स्थित देव श्री गार्डन में दो दिवसीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। श्री नागर ब्राह्मण परिषद रतलाम द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।


​19 सितम्बर: प्रतिभा सम्मान और 'नागर वैभव' का विमोचन
कार्यक्रम के प्रथम दिन 19 सितम्बर को दोपहर 4 बजे समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा। इसी सत्र में वरिष्ठ पत्रकार ओम त्रिवेदी द्वारा सम्पादित विशेष स्मारिका 'नागर वैभव' का भव्य विमोचन संपन्न होगा।

यह रहेंगे अतिथि

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. अरूण व्यास (उज्जैन) उपस्थित रहेंगे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में प्रसिद्ध भाजपा नेता व शिक्षाविद महादेव प्रसाद नागर (सुखेड़ा) तथा प्रख्यात लेखिका व व्याख्याता श्वेता नागर शिरकत करेंगे।

20 सितम्बर: देशव्यापी युवक-युवती परिचय सम्मेलन

आयोजन के दूसरे दिन, 20 सितम्बर को अखिल भारतीय स्तर के युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन होगा। सुबह 8 बजे पंजीयन प्रक्रिया के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इस सम्मेलन में मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 300 विवाह योग्य युवक-युवती भाग लेंगे।

120 पृष्ठों के रंगीन कलेवर में सजी 'नागर वैभव' स्मारिका

नागर परिषद के सचिव संदीप जोशी ने बताया कि विमोचित होने वाली 'नागर वैभव' स्मारिका 120 रंगीन पृष्ठों के आकर्षक कलेवर के साथ तैयार की गई है। इसमें समाज के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और परिवारों की विस्तृत जानकारी के साथ परिचय सम्मेलन में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों की सचित्र जानकारी शामिल है। यह स्मारिका वैवाहिक रिश्ते तय करने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी और आयोजन स्थल (देव श्री गार्डन) पर उपलब्ध रहेगी।

समाजजनों से उपस्थिति का आह्वान

मध्यप्रदेश नागर ब्राह्मण परिषद रतलाम शाखा के अध्यक्ष जितेन्द्र नागर, सचिव संदीप जोशी, ओम त्रिवेदी, निर्मल व्यास (बबलू), महेश रावल, सुनील दवे, दिलीप मेहता, राजेन्द्र रावल, हेमंत भट्ट, मनीष रावल, धर्मेन्द्र नागर, विवेक नागर तथा महिला शाखा अध्यक्ष मीनाक्षी रावल, सीमा जोशी, प्रमिला त्रिवेदी, सुरेखा नागर और माया मेहता सहित परिषद के समस्त सदस्यों ने समाज के सभी परिवारों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस दो दिवसीय सामाजिक आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया है।