सामाजिक सरोकार : विद्यार्थियों ने दिया रक्तदान का सबक, अभिभावकों ने लगा दिया शतक 

सामाजिक सरोकार : विद्यार्थियों ने दिया रक्तदान का सबक, अभिभावकों ने लगा दिया शतक 

जिम्मेदारी निभाने का सुनहरा अवसर : काकानी

⚫ प्रश्न मंच में काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से दिए तत्काल पुरस्कार  

हरमुद्दा
रतलाम,30 नवंबर। शहर के सेंट जोसेफ कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने अपनी गौरवशाली 70 वर्षीय  समाजसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को बढ़ाते हुए रक्तदान शिविर आयोजन करने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों ने ऐसा सबक सिखाया कि रक्तदाताओं ने शतक लगा दिया। रक्तदान के पहले अंगदान, नेत्रदान, देहदान की बारीकियों को समाजसेवी एवं शतक वीर रक्तदाता गोविंद काकानी ने समझाया।


सेंट जोसफ के लिए यह दिवस ऐतिहासिक सिद्ध हुआ, जहाँ  विद्यार्थियों ने माता पिता को  प्रेरित किया और मंगल कामना के साथ रक्तदान को सार्थकता प्रदान की। जनसेवा का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत  करते हुए 115 यूनिट रक्तदान  अभिभावक, विद्यालय की सिस्टर्स,  शिक्षकगण  विद्यालय के पूर्व  छात्र, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय नागरिकों में से 76 पुरुषों एवं 39 महिलाओं ने रक्तदान किया। रक्तदान का शतक लगा दिया। विद्यालय प्रबंधन द्वारा पहली बार विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

पहली बार 35% महिलाओं ने किया रक्तदान

डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अनीता मूथा के मार्गदर्शन में जिले में पहली बार पूरे रक्तदान शिविर में लगभग 35% महिलाओं द्वारा रक्तदान करना महिला सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण है। 

देगा मरीजों को नया जीवन

रक्तदान विभाग प्रभारी डॉ. रितेश गुर्जर ने कहा कि मानवता की अमूल्य सेवा में आपका यह योगदान अनेक मरीजों को नया जीवन देगा। 

जिम्मेदारी निभाने का सुनहरा अवसर : काकानी

समाजसेवी गोविंद काकानी ने रक्तदान, नेत्रदान, अंगदान और देहदान की सभी को विस्तृत जानकारी से पूरे सदन को अवगत करवाया। प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। सही उत्तर देने वालों को काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से तत्काल पुरस्कार दिया गया। संस्था ने इस अवसर को न केवल विद्यालय की स्वर्ण जयंती यात्रा का प्रतीक बताया, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का सुनहरा अवसर भी माना।

इन सबका सहयोग रहा रक्तदान शिविर में

शिविर का संचालन प्राचार्या सिस्टर निधि के नेतृत्व में डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय मेडिकल कॉलेज, ब्लड बैंक के प्रभारी डॉ. रितेश गुर्जर एवं उनकी टीम तथा समाजसेवी काकानी के सहयोग से किया गया। दोनों संस्थाओं के समन्वित प्रयास, अभिभावक के प्रोत्साहन द्वारा कार्यक्रम सुव्यवस्थित रहा। कार्यक्रम  सफल बनाने में संयोजक टीम की दीप्ति शर्मा,  पूर्णिमा गुप्ता, प्रकाश लोबो , सिम्मी शर्मा, अर्पिता प्रतीक सिंह, ओजस्वी ने प्रमुख भूमिका निभाई। 

माना सभी के प्रति आभार

विद्यालय प्रबंधन ने सभी सहयोगकर्ताओं, विशेषतः रक्तदाताओं, मेडिकल टीम और समाजसेवी संगठनों का हृदय से आभार व्यक्त किया।