खेल सरोकार : अद्वितीया शर्मा ने रचा बैडमिंटन में इतिहास

खेल सरोकार : अद्वितीया शर्मा ने रचा बैडमिंटन में इतिहास

55वीं केंद्रीय नेशनल स्पोर्ट्स मीट में जीता कांस्य पदक

⚫ अब शालेय राष्ट्रीय स्पर्धा में दिखाएंगी दम

हरमुद्दा
​धार, 24 जुलाई। प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती, और जब जुनून के साथ मेहनत का मेल हो तो सफलता कदम चूमती है। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है धार की होनहार उभरती खिलाड़ी कुमारी अद्वितीया शर्मा ने। चंडीगढ़ में आयोजित "55वीं केंद्रीय नेशनल स्पोर्ट्स मीट 2026" में अद्वितीया ने भोपाल रीजनल का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा के दम पर अंडर-14 बालिका इंडिविजुअल इवेंट में राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान (कांस्य पदक) हासिल कर प्रदेश और अपने जिले का नाम रोशन किया है।

संस्कार और खेल का अनोखा संगम

अद्वितीया, धार के प्रसिद्ध अभिभाषक एवं श्री त्रिवेदी मेवाड़ा ब्राह्मण विकास परिषद मध्य प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष नंदकिशोर एम शर्मा की सुपौत्री तथा डॉ. पूजा एवं हाई कोर्ट एडवोकेट अखिलेश शर्मा की सुपुत्री हैं। परिवार के संस्कारों, निरंतर मार्गदर्शन और प्रोत्साहन ने ही अद्वितीया को खेल के इस शिखर तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाई है।

खिलाड़ियों के लिए है प्रेरणा

​"हार और जीत खेल का हिस्सा हैं, लेकिन मैदान पर दिया गया आपका सौ प्रतिशत ही आपको चैंपियन बनाता है। अद्वितीया की यह सफलता क्षेत्र के अन्य उभरते खिलाड़ियों और युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा है।" अद्वितीया की इस शानदार उपलब्धि पर परिवारजनों, खेल प्रेमियों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने उन्हें बधाई दी है तथा आगामी राष्ट्रीय स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर लौटने की शुभकामनाएँ व्यक्त की हैं।

​जयपुर रीजनल को सीधे सेटों में दी शिकस्त

​बैडमिंटन प्रशिक्षक सुधीर वर्मा ने अद्वितीया की इस शानदार उपलब्धि की जानकारी देते हुए हरमुद्दा को बताया कि केंद्रीय विद्यालय इंदौर में अध्ययनरत अद्वितीया ने कांस्य पदक के रोमांचक मुकाबले में जयपुर रीजनल की विधी सिंह को 15-12, 15-12 के सीधे सेटों में शिकस्त दी। पूरे टूर्नामेंट में अद्वितीया के बेहतरीन प्रदर्शन को देखते हुए उनका चयन आगामी राष्ट्रीय शालेय बैडमिंटन स्पर्धा के लिए हुआ है, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। ​इसी स्पर्धा में केंद्रीय विद्यालय धार की छात्रा निहिरा पटौदिया ने भी हिस्सा लिया और अपने जुझारू प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया।

​"कड़ी मेहनत और लगन से हर मुकाम संभव"

​अद्वितीया की इस राष्ट्रीय सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए उनके कोच श्री वर्मा ने कहा कि ​"अद्वितीया की यह जीत एकेडमी के सभी युवा शटलरों के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। यह सफलता साबित करती है कि अनुशासित मेहनत से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है। मुझे पूरी उम्मीद है कि वह आगामी राष्ट्रीय शालेय स्पर्धा में अपने खेल को और निखारते हुए और बड़ा इतिहास रचेगी।"

​खेल प्रेमियों व दिग्गजों ने दी बधाइयां

​अद्वितीया की इस उपलब्धि पर धार बैडमिंटन संघ और लिटिल शटलर ग्रुप में जश्न का माहौल है। इस अवसर पर
​डीडीबीए (DDBA) अध्यक्ष छोटू शास्त्री, ​लिटिल शटलर ग्रुप अध्यक्ष शरदचन्द्र निगम, डीडीबीए सचिव सलीम खान, लिटिल शटलर ग्रुप सचिव भूपेंद्र जोशी, ​वरिष्ठ सदस्य राजीव जोशी, भूपेंद्रसिंह राजावत, सुंदर रायकवार एवं सभी पालकों ने अद्वितीया को शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।