रतलाम में आन-बान-शान से फहराया तिरंगा: 80वें स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति के रंग में रंगा शहर

रतलाम में आन-बान-शान से फहराया तिरंगा: 80वें स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति के रंग में रंगा शहर

साहसिक और सदभावना पूर्वक कार्य करने के लिए पत्रकार राजेंद्र केलवा सम्मानित

⚫ विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध

हरमुद्दा
​रतलाम। 15 अगस्त। संपूर्ण जिले में स्वतंत्रता की 79वीं वर्षगांठ असीम उत्साह, उल्लास और अटूट राष्ट्रभक्ति के वातावरण में गरिमामय तरीके से मनाई गई। शहर का स्थानीय पुलिस लाइन मैदान देशप्रेम के अभूतपूर्व जज़्बे का साक्षी बना, जहां मुख्य अतिथि एवं कलेक्टर अजय कटेसरिया ने आन-बान-शान के प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज को फहराकर परेड की सलामी ली और जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।


​ध्वजारोहण के उपरांत कलेक्टर श्री कटेसरिया ने खुली जीप में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। मैदान पर अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का अनुपम दृश्य तब देखने को मिला जब एसएएफ 24वीं वाहिनी 'बी' कंपनी, जिला पुरुष व महिला पुलिस बल, होमगार्ड, एनसीसी सीनियर व जूनियर डिवीजन सहित विभिन्न स्कूलों की टुकड़ियों ने सीना ताने शानदार और अनुशासित मार्चपास्ट किया। हर्ष फायर की गूंज और हवा में उड़ते शांति व राष्ट्रीय एकता के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारों ने हर नागरिक का दिल गर्व से भर दिया।

परेड की सलामी लेते हुए अतिथि

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वतंत्रता दिवस संदेश का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित जनसैलाब ने आत्मीयता से सुना। इसके पश्चात कलेक्टर ने शासन के बधाई संदेश का वाचन किया और परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया।

​देशभक्ति और सम्मान का त्रिवेणी संगम

लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान करते हुए

राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले लोकतंत्र सेनानियों को शाल, श्रीफल एवं पुष्पहार से भावभीना सम्मान दिया गया। साथ ही, अपनी उत्कृष्ट सेवाओं से जिले का नाम रोशन करने वाले शासकीय अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान साहसिक और सद्भावना पूर्वक कार्य करने वाले पत्रकार राजेंद्र केलवा को भी सम्मानित किया गया।

​ पत्रकार केलवा को सम्मानित करते हुए अतिथि

परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में दिखा राष्ट्रभक्ति का जोश

अनुशासित परेड प्रतियोगिता में एसएएफ 24वीं वाहिनी 'बी' कंपनी ने प्रथम, जिला पुलिस बल ने द्वितीय तथा मॉर्निंग स्टार हाई स्कूल एनसीसी प्लाटून ने तृतीय स्थान हासिल किया।
​वहीं, विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे परिसर को तालियों की गड़गड़ाहट से गुंजा दिया।

यह थे मौजूद

​समारोह में नगर निगम महापौर प्रहलाद पटेल, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, लोकतंत्र सेनानी, विद्यार्थी और हजारों की संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे। संचालन आशीष दशोत्तर एवं विनीता ओझा ने किया।