रतलाम के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा, 4 की मौत, 5 घायल

रतलाम के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा, 4 की मौत, 5 घायल

अनियंत्रित अर्टिगा खड़े ट्रक में घुसी, 

⚫ श्री खाटू श्याम जी जा रहे थे दर्शन के

हरमुद्दा
​रतलाम, 15 अगस्त। दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेस-वे पर शिवगढ़ क्षेत्र के पास एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो बच्चों समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

​तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

जानकारी के अनुसार रतलाम जिले के शिवगढ़ के पास ट्रक क्रमांक RJ 14 GP 7281 में तकनीकी खराबी आने के कारण उसे सड़क किनारे खड़ा किया गया था। रात के अंधेरे में तेज रफ्तार अर्टिगा चालक को ट्रक समय पर दिखाई नहीं दिया और कार सीधे उसके पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

​राहत और बचाव कार्य

​हादसे की सूचना मिलते ही शिवगढ़ थाना पुलिस और एक्सप्रेस-वे की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।

​मृतक: कार सवार 4 लोगों की मौके पर ही सांसें थम चुकी थीं। मृतक में तीन महिला और एक पुरुष शामिल है। 
घायल: हादसे में घायल 5 लोगों (जिन्हें 2 बच्चे भी शामिल हैं) को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए रतलाम के मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

श्री खाटू श्याम जी दर्शन करने जा रहे थे सभी

ये सभी लोग झाबुआ, धार और इंदौर के रहने वाले थे और खाटूश्याम जी के दर्शन के लिए जा रहे थे।

​मामले की जांच में जुटी पुलिस

​पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ट्रक सड़क किनारे अवैध रूप से खड़ा था या उसमें कोई खराबी आई थी।