सामाजिक सरोकार : रतलाम में 100 'आपदा मित्रों' का पहला बैच प्रशिक्षित

सामाजिक सरोकार : रतलाम में 100 'आपदा मित्रों' का पहला बैच प्रशिक्षित

ADM बृजेंद्र रावत ने दिया सफलता का मंत्र: "नेकी कर दरिया में डाल"

⚫ जिले में 500 आपदा मित्रों का बनेगा सुरक्षा कवच

हरमुद्दा
​रतलाम, 15 अगस्त। मध्यप्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और कलेक्टर अजय कटेसरिया के निर्देशन में आयोजित 7 दिवसीय 'आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम' का शनिवार को होमगार्ड लाइन रतलाम में भव्य समापन हुआ। SDERF और होमगार्ड विभाग द्वारा आयोजित इस विशेष शिविर के पहले चरण में 100 स्थानीय स्वयंसेवकों को आपदा प्रबंधन और राहत-बचाव कार्यों की बारीकियों से लैस किया गया।

​मुख्य अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह

समापन समारोह में अपर कलेक्टर (ADM) बृजेंद्र रावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने आपदा मित्रों को प्रेरित करते हुए कहा, "नेकी कर दरिया में डाल के सिद्धांत पर कार्य करें। निस्वार्थ भाव से दूसरों की सहायता जरूर करें, लेकिन राहत कार्य के दौरान अपनी स्वयं की सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखें।" कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर श्रीकृष्णपाल सिंह बघेल ने स्वयंसेवकों से प्रशिक्षण का फीडबैक लिया और उन्हें भविष्य में तत्परता से सेवा देने के लिए प्रोत्साहित किया।

प्रशस्ति-पत्र वितरण और वृक्षारोपण

​अतिथियों द्वारा सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा करने वाले आपदा मित्रों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

​500 आपदा मित्रों का बनेगा सुरक्षा कवच

जिले में कुल 500 आपदा मित्रों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। यह 100 स्वयंसेवकों का पहला बैच था। आने वाले दिनों में 100-100 के 4 और बैच आयोजित कर युवाओं को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार किया जाएगा। इस दौरान होमगार्ड कंपनी कमांडर बद्री मंडलोई, प्लाटून कमांडर ज्योति बघेल और SDERF के जवान मौजूद रहे। संचालन सैनिक तुषार भट्ट द्वारा किया गया। आभार डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट (होमगार्ड/SDRF) रोशनी बिलवाल ने माना।