गांधी जयंती पर रतलाम में श्रद्धा का संगम और 'नमो सेवा' का संदेश
⚫ मंत्री चैतन्य काश्यप ने महात्मा गांधी को किया नमन
⚫ नुक्कड़ नाटक से बयां हुईं पीएम मोदी की 'अनकही कहानियां'
हरमुद्दा
रतलाम, 2 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर रतलाम के नगर निगम चौराहा स्थित गांधी प्रतिमा पर एक गरिमामय एवं सेवा भाव से परिपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मध्यप्रदेश शासन के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) कैबिनेट मंत्री श्री चैतन्य काश्यप ने गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर बापू को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों और पत्रकारों ने भी राष्ट्रपिता के चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित किए।

सेवा संकल्प अभियान: 'नमो सेवा : अनकही कहानियां' नुक्कड़ नाटक बना आकर्षण का केंद्र
माल्यार्पण कार्यक्रम के उपरांत 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत जन अभियान परिषद के सौजन्य से ‘नमो सेवा : अनकही कहानियां’ नामक नुक्कड़ नाटक की विशेष प्रस्तुति दी गई। इस नाटक के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विगत 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, उनके जनसेवा के अटूट संकल्प और राष्ट्र निर्माण में दिए गए अभूतपूर्व योगदान को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया।
प्रेरक प्रसंग को रखा जनता के बीच
कलाकारों ने अपने प्रभावी संवाद, जीवंत अभिनय और उत्कृष्ट प्रस्तुति के जरिए प्रधानमंत्री मोदी के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंगों को जनता के सामने रखा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों तक प्रधानमंत्री के जनकल्याणकारी कार्यों, सेवा, समर्पण और राष्ट्र प्रथम की भावना को सहज, सरल और रोचक माध्यम से पहुंचाना रहा।
जन भागीदारी का सशक्त संदेश
कार्यक्रम में जन अभियान परिषद की इस सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से समाज में जनजागरूकता और जनभागीदारी का सशक्त संदेश दिया गया। इस अवसर पर जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य प्रदीप उपाध्याय, महापौर प्रहलाद पटेल, रतलाम विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, क्षितिज भट्ट सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक और बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।
Hemant Bhatt