नकली शराब रोकने प्रशासन सख्त: सूचना देने पर मिलेगा पुरस्कार
⚫ कलेक्टर ने पुरानी घटना की याद दिलाकर आबकारी विभाग को दिए कड़े निर्देश
⚫ मजबूत सूचना तंत्र करें विकसित
हरमुद्दा
रतलाम, 7 सितंबर। जिले में अवैध एवं नकली शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने अब तक का सबसे सख्त रुख अपनाया है। 7 सितंबर को आयोजित साप्ताहिक अंतर-विभागीय समीक्षा बैठक में कलेक्टर अजय कटेसरिया ने आबकारी विभाग को विशेष सजगता से काम करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों की शिकायतों पर तुरंत सुनवाई कर प्रभावी कार्रवाई की जाए।

सूचना देने वालों को मिलेगा इनाम, पहचान रहेगी गुप्त
कलेक्टर ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे कहीं भी अवैध या जहरीली/नकली शराब के निर्माण या बिक्री की सूचना बेझिझक दें। दी गई सूचना सही पाए जाने पर मुखबिर को प्रशासन द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। आबकारी विभाग को हिदायत दी गई है कि वे अपनी 'आंख और कान खुले रखें' और हर शिकायत का समाधान कर शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी भी दें।
वर्ष 2021 की नामली त्रासदी की दिलाई याद
बैठक के दौरान कलेक्टर ने वर्ष 2021 में नामली क्षेत्र में नकली शराब के सेवन से हुई दर्दनाक घटना का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ऐसी किसी भी भयावह त्रासदी की पुनरावृत्ति जिले में किसी भी कीमत पर नहीं होनी चाहिए।
गरीब तबके पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश
नकली शराब का दुष्प्रभाव विशेष रूप से गरीब और मजदूर वर्ग पर पड़ता है। इस बात को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने नगरीय निकायों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में एक मजबूत सूचना तंत्र (इंटेलीजेंस) विकसित करें। निकायों को आबकारी विभाग के साथ समन्वय बनाकर उन बस्तियों और इलाकों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है, जहां अवैध शराब की बिक्री की आशंका अधिक रहती है।
Hemant Bhatt