लापरवाही पर कलेक्टर का एक्शन: एएनएम संगीता वसुनिया निलंबित
⚫ बाधा डालने पर सरपंच पर होगी धारा 40 के तहत कार्रवाई
⚫ काम न करने वाली आशा कार्यकर्ताओं की जाएगी मान्यता
⚫ गर्भवती माताओं के कम पंजीयन और एनीमिया मैनेजमेंट में बेहद कमजोर प्रदर्शन
हरमुद्दा
रतलाम, 8 सितंबर। स्वास्थ्य सेवाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही और निष्क्रियता पर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक में कलेक्टर अजय कटेसरिया ने शहरी क्षेत्र में गर्भवती माताओं के कम पंजीयन और एनीमिया मैनेजमेंट में बेहद कमजोर प्रदर्शन पर कड़ी नाराजगी जताई। लापरवाही पाए जाने पर वार्ड क्रमांक 17 की एएनएम संगीता वसुनिया के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में रुचि न लेने वाली निष्क्रिय आशा कार्यकर्ताओं की नामजद सूची प्रस्तुत की जाए, ताकि नियमानुसार उनकी मान्यता समाप्त की जा सके। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ता मैदानी स्तर पर स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं, इसलिए उनके कार्यों की नियमित रूप से गहन समीक्षा होनी चाहिए।
बाधा डालने पर सरपंच पर होगी धारा 40 के तहत कार्रवाई
बैठक के दौरान ग्राम खजूरी देवड़ा के स्वास्थ्य भवन हैंडओवर का मामला भी सामने आया, जहां सरपंच द्वारा बाउंड्री वॉल के नाम पर अड़चन पैदा की जा रही थी। इस पर सख्त निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि भवन का हैंडओवर तुरंत लिया जाए। यदि प्रक्रिया में अनावश्यक रुकावट डाली जाती है, तो जिला पंचायत सीईओ के माध्यम से संबंधित सरपंच के विरुद्ध मध्यप्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम की धारा 40 के तहत पद से हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मुख्य निर्देश
नए भवनों में तुरंत सेवाएं: जिन निर्माणाधीन या पूर्ण हो चुके स्वास्थ्य भवनों का हैंडओवर मिल चुका है, वहां सभी जरूरी व्यवस्थाएं जुटाकर तत्काल सेवाएं शुरू की जाएं।
बाजना में नया मेटरनिटी विंग: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाजना के पुराने भवन में ही नया मेटरनिटी विंग तैयार करने के निर्देश दिए गए।
शहरी नोडल अधिकारी में बदलाव: शहरी क्षेत्र के नोडल अधिकारी का प्रभार किसी अन्य चिकित्सक को सौंपने का फैसला लिया गया।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, टीबी मुक्त भारत अभियान, मलेरिया-डेंगू नियंत्रण और दस्तक अभियान की विस्तृत समीक्षा की गई।
यह थे मौजूद

बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री वैशाली जैन, सीएमएचओ डॉ. किरण वाडिवा, मेडिकल कॉलेज डीन डॉ. अनीता मुथा और सिविल सर्जन डॉ. एपी सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Hemant Bhatt