निर्वाचन : ग्राम पंचायत मावता में सरपंच पद के लिए 6 प्रत्याशी मैदान में
⚫11 तक होगी नाम वापसी,
⚫ 22 को मतदान
हरमुद्दा
पिपलौदा, 9 जुलाई। जनपद की ग्राम पंचायत मावता में सरपंच पद के लिए होने वाले उपचुनाव में नाम निर्देशन पत्रों की संविक्षा के बाद 6 प्रत्याशी मैदान में है। ग्राम पंचायत मावता के सरपंच के निधन से खाली हुए पद के लिए 22 जुलाई को मतदान होगा। इसमें ग्राम पंचायत के 3849 मतदाता अपना नया सरपंच चुनेंगे।

रिटर्निंग अधिकारी एवं तहसीलदार देवेन्द्र दानगढ़ ने बताया कि 1 जुलाई से निर्वाचन की प्रक्रिया प्रारंभ की गई थी, इसमें 8 जुलाई तक नाम निर्देशन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि तक 6 अभ्यर्थियों ने नामांकन किया। 9 जुलाई को नाम निर्देशन पत्रों की संविक्षा की गई, इनमें सभी नामांकन पत्र वैध पाए गए। 11 जुलाई तक नाम वापसी की अंतिम तिथि है तथा इसी दिन अभ्यर्थियों को चुनाव चिन्ह का आवंटन किया जाएगा। मतदान ईवीएम से होगा। इसके लिए आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई है।
दलों का किया गठन
सहायक रिटर्निंग अधिकारी श्रीमती हेमलता डिंडोर ने बताया कि 1 जुलाई को जिला निर्वाचन अधिकारी (कलेक्टर) द्वारा निर्वाचन की प्रक्रिया के लिए अधिसूचना जारी कर दी थी। ग्राम पंचायत के सूचना बोर्ड पर अधिसूचना के प्रकाशन के बाद कुल 6 अभ्यर्थी कारूलाल पिता ढोकरलाल, कचरूलाल पिता बाबूलाल, शौरभ शर्मा (बिट्टु भैया), श्यामसिंह देवड़ा तथा कारू राठौर ने सरपंच पद के लिए नामांकन दर्ज किए हैं। चुनाव प्रचार प्रारंभ होने के बाद सम्पत्ति विरूपण की स्थिति पर ध्यान रखने के लिए दलों का गठन किया गया है।
परिणाम की घोषणा 26 जुलाई को
निर्वाचन की प्रक्रिया में महेन्द्र गोयल, रामदयाल आंजना, मनोहरसिंह मुजाल्दे, कन्हैयालाल राठौर, पुनीत जैन तथा संजय भट्ट सहयोग कर रहे हैं। निर्वाचन सुपरवाईजर भंवरलाल मालवीय ने बताया कि इस निर्वाचन के लिए मतदाताओं की सुविधा के लिए 6 मतदान केन्द्र ग्राम मावता में बनाए गए हैं। चुनाव के परिणामों की घोषणा 26 जुलाई को की जाएगी।
Hemant Bhatt