इलेक्ट्रिक स्कूटी में धमाका: रतलाम में चार्जिंग के दौरान उड़े परखच्चे
⚫ आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और दो बेटियां गंभीर रूप से झुलसीं
⚫ घर का सामान जलकर खाक
⚫ चीख-पुकार से दहला इलाका
हरमुद्दा
रतलाम, 19 अगस्त। शहर की विंध्यवासिनी कॉलोनी में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक नव-खरीदी गई इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक भीषण विस्फोट (Battery Explosion) हो गया। धमाका इतना तेज था कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और उनकी दो मासूम बेटियां गंभीर रूप से झुलस गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विंध्यवासिनी कॉलोनी निवासी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बिंदु कुंवर ने कुछ ही दिनों पहले एक नई इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदी थी। बुधवार सुबह अचानक स्कूटी की बैटरी में जोरदार धमाका हुआ और भयंकर आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि घर में रखा सारा कीमती सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया।
आस पड़ोस के लोग पहुंचे मौके पर
इस भयानक अग्निकांड में बिंदु कुंवर और उनकी दो बेटियां—अंतिम कुंवर एवं विजयलक्ष्मी आग की चपेट में आ गईं। पड़ोसियों ने जब धमाके की आवाज सुनी और घर से धुएं का गुबार उठता देखा, तो तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों झुलसी हुई पीड़ितों को जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।
दमकल विभाग की मशक्कत
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। संकरी गली और आग की भीषणता के कारण दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद बमुश्किल आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
EV सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल
पर्यावरण और ईंधन बचाने के नाम पर बेचे जा रहे इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर अब आम जनता में डर का माहौल है। पिछले कुछ समय में देश के विभिन्न हिस्सों से EV बैटरियों में ओवरहीटिंग और ब्लास्ट की खबरें आई हैं। इनमें कुछ गड़बड़ियां तकनीकी हो सकती है, वहीं चार्जिंग की भी दिक्कत सामने आ सकती है। जब ओवरचार्ज होने लगती है तब ऐसी घटनाएं सामने आती है। जानकारी मिली है कि रात को चार्ज पर गाड़ी को लगाया था और सुबह तकरीबन चार 4:30 बजे उसमें विस्फोट हुआ इससे संभव है कि ओवर चार्जिंग के चलते यह घटना हुई है।
गुणवत्ता और टेस्टिंग: क्या कंपनियां इलेक्ट्रिक वाहनों में इस्तेमाल होने वाली लिथियम-आयन बैटरियों के सुरक्षा मानकों (Safety Standards) की अनदेखी कर रही हैं?
चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर: घरों में साधारण सॉकेट से चार्जिंग करना कितना सुरक्षित है?
जवाबदेही: ऐसे हादसों में जब परिवार की जान पर बन आती है और आशियाना उजड़ जाता है, तो वाहन निर्माता कंपनियों पर क्या कानूनी कार्रवाई होगी?
Hemant Bhatt