आत्महत्या की कोशिश : दो बच्चों के पिता के साथ होटल में पकड़ी गई युवती ने खाया जहर

आत्महत्या की कोशिश : दो बच्चों के पिता के साथ होटल में पकड़ी गई युवती ने खाया जहर

⚫ स्थिति गंभीर होने पर भेजा मेडिकल कॉलेज

⚫ वन स्टाफ सेंटर के बाद शनिवार को परिजनों के साथ घर गई थी युवती

⚫ पुलिस के साथ पत्नी ने आरोपी पति को पकड़ा था होटल के कमरे से 

हरमुद्दा
रतलाम/जावरा, 4 अक्टूबर। शहर के जावरा स्थित प्रेसिडेंट होटल में शुक्रवार को अपनी पत्नी द्वारा एक अन्य युवती के साथ पकड़े गए दो बच्चों के पिता और शिक्षक विजय दगदी के मामले ने अब नया और गंभीर मोड़ ले लिया है। घटना के अगले ही दिन, शनिवार शाम को उक्त युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में ज़हरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। युवती की हालत नाजुक होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहाँ उसकी स्थिति फिलहाल चिंताजनक बनी हुई है।

पत्नी के समक्ष आरोपी पति

होटल से वन स्टॉप सेंटर और फिर आत्मघाती कदम

शुक्रवार सुबह पत्नी ने पुलिस की मदद से पति विजय को होटल के कमरे में युवती के साथ रंगे हाथों पकड़ा था। मौके पर युवती खुद को शिक्षक विजय की पत्नी बताते हुए 'लव मैरिज' का बात कर रही थी। इस पूरे हाईवोल्टेज ड्रामे और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। मामले में पत्नी की तहरीर पर जावरा के औद्योगिक क्षेत्र थाने में आरोपी पति के खिलाफ मारपीट और अभद्रता का प्रकरण दर्ज किया गया था, वहीं युवती को सुरक्षा व काउंसलिंग के दृष्टिकोण से 'वन स्टॉप सेंटर' भेज दिया गया था।

शाम होते होते उठाया खौफनाक कदम

शनिवार सुबह परिजन युवती को वन स्टॉप सेंटर से सुरक्षित अपने घर ले आए थे। हालांकि, शाम होते-होते युवती ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

सोशल मीडिया पर बदनामी और मानसिक दबाव बना वजह?

स्थानीय सूत्रों और चर्चाओं के अनुसार, शादीशुदा और दो बच्चों के पिता के साथ होटल में पकड़े जाने और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद युवती मानसिक तनाव और लोक-लाज के दबाव में थी। माना जा रहा है कि इसी बदनामी के डर से व्यथित होकर उसने ज़हर का सेवन किया।

पुलिस का बयान : होश में आने पर होंगे खुलासे

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस सतर्क है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक ​"युवती की हालत फिलहाल गंभीर है और वह बयान देने की स्थिति में नहीं है। डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है। उसके होश में आने और कार्यपालक मजिस्ट्रेट/पुलिस के समक्ष बयान दर्ज होने के बाद ही जहर खाने की वास्तविक वजहों का पता चल सकेगा। बयानों के आधार पर निष्पक्ष वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।"

सेहत की अपडेट पर नजर

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और मेडिकल कॉलेज से युवती के स्वास्थ्य संबंधी अपडेट पर नज़र बनाए हुए है।