पश्चिमी आकाश से आई खुश खबर, 21 मार्च को मनेगा ईद उल फितर
⚫ चांद नजर आने के साथ ही तैयारी हुई तेज
⚫ नई एवं पुरानी ईदगाह सहित मस्जिदों में होगी नमाज
हरमुद्दा
रतलाम, 20 मार्च। शुक्रवार पश्चिमी आकाश में ईद का चांद नजर आने की तस्दीक हो गई, जिसके बाद शनिवार को ईद-उल-फितर मनाने का एलान किया गया। 30 वें रमजान को चांद दिखने की पुष्टि होने के साथ ही नई एवं पुरानी ईदगाह सहित शहर की सभी मस्जिदों में तैयारियां तेज हो गई हैं।

शहर काकी जानकारी देते हुए
शहर काजी अहमद अली ने बताया कि ईद-उल-फितर का त्योहार अल्लाह का तोहफा है जो शनिवार 21 मार्च को मुहब्बत, अकीदत, रवायत व अमन ओ अमान के साथ मनाया जाएगा। ईद की नमाज को लेकर नगर निगम प्रशासन ने मुकम्मल तैयारी कर दी है।
नई और पुरानी ईदगाह सहित मस्जिदों में होगी नमाज
प्रेस से चर्चा में शहर क़ाज़ी अहमद अली ने बताया कि नई ईदगाह मे 8:15 बजे अंजुमन मस्जिद इमाम आमिर साहब, ईद की नमाज अदा कराएंगे एवं पुरानी ईदगाह में 8:30 बजे शहर काजी अहमद अली नमाज पढ़ाएंगे। नाहरपुरा स्थित महात्मा गांधी मेमोरियल स्कूल के अंजुमन कार्यालय में हुई प्रेस वार्ता में अंजुमन सदर इब्राहीम शैरानी और समाजसेवी पार्षद यास्मीन शैरानी ने बताया की ईद की नमाज के लिए अंजुमन एवं नगर निगम द्वारा पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
हुई अलविदा जुमा की नमाज
मोहम्मद इस्हाक खान ने बताया कि 20 मार्च शुक्रवार को अलविदा जुमा की नमाज और इफ्तार के साथ ही आज रमजान का महीना खत्म हो गया। शाम होते ही चांद रात से बाजार रौशन हो गए और लोग ईद की तैयारियों में जुट गए। 21 मार्च को ईद होगी।
मांगी दुआ
मोहम्मद आरिफ खान ने बताया कि माह-ए-रमजान के आखिरी जुमा की नमाज शहर की सभी मस्जिदों में दोपहर 12:30 से लेकर 2:30 बजे तक अदा की गई। मुल्क में अमन, शांति, मुहब्बत व भाईचारे की दुआ मांगी गई। रोजेदारों ने अलविदा के दिन नमाज पढ़ी। कुरआन-ए-पाक की तिलावत की। गुनाहों की माफी मांगी।
घरों में महिलाओं ने भी मांगी दुआ
शबनम बी ने बताया कि घरों में महिलाओं ने नमाज, तिलावत-ए-कुरआन व तस्बीह कर अल्लाह से दुआ मांगी। एक महीने तक रोजा रखने के बाद आखिर वह मौका आ गया है जिसका हर मुसलमान को बेसब्री से इंतजार रहता है। शुक्रवार की शाम रोजेदारों ने रमजान का 30वां रोजा अल्लाह का शुक्र अदा करते हुए खोला। इसके बाद अपने-अपने घरों की छतों से ईद के चांद का दीदार किया। चांद के दीदार की दुआ पढ़ी।
Hemant Bhatt