हत्या का पर्दाफाश : मेले में नाव में थूकने की बात को लेकर हुआ था विवाद, जहरीला पदार्थ पिलाकर कर दी कृष्णपाल सिंह की हत्या

हत्या का पर्दाफाश : मेले में नाव में थूकने की बात को लेकर हुआ था विवाद, जहरीला पदार्थ पिलाकर कर दी कृष्णपाल सिंह की हत्या

मुंज के दो नाबालिग सहित पांच आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

हरमुद्दा
रतलाम, 21 मई। आलोट पुलिस द्वारा धरोला मेले में हुए मामूली विवाद के बाद युवक कृष्ण पाल सिंह को जबरन जहरीला पदार्थ पिलाकर हत्या किए जाने के सनसनीखेज मामले का मात्र 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मुंज के रहने वाले 03 आरोपियों एवं 02 विधि विरुद्ध बालकों को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है।

मृतक कृष्ण पाल सिंह


मिली जानकारी के अनुसार अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) आलोट सुश्री पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में थाना टीम गठित की और आरोपियों की तलाश शुरू की

19 मई को हुआ था यह

फरियादी श्याम सिंह पिता बद्रीसिंह सोंधिया राजपूत उम्र 42 वर्ष निवासी खामरिया द्वारा थाना आलोट पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसके भतीजे कृष्णपाल सिंह के साथ धरोला मेले में नाव (झूला) के अंदर थूकने की बात को लेकर आरोपियों से मामूली विवाद हुआ था। उक्त विवाद की रंजिश रखते हुए आरोपी कुलदीप सिंह, युवराज सिंह, गोविंद सिंह एवं उनके साथियों द्वारा कृष्णपाल सिंह को जबरदस्ती जहरीला पदार्थ पिलाया गया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। उपचार के लिए उसे संजीवनी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

पुलिस ने किया प्रकरण दर्ज

फरियादी की रिपोर्ट पर थाना आलोट में अपराध क्रमांक 254/2026 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

संदिग्ध से हुई पूछताछ तो गुनाह किया कबूल

तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना एवं अन्य सुरागों के आधार पर घटना में शामिल मुंज निवासी आरोपी कुलदीप सिंह, युवराज सिंह, गोविंद सिंह एवं 02 विधि विरुद्ध बालकों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा घटना में संलिप्तता स्वीकार किए जाने पर उन्हें विधिसम्मत गिरफ्तार किया गया। मामले में आरोपियों से घटना में प्रयुक्त जहरीले पदार्थ एवं अन्य तथ्यों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी आलोट निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम एवं थाना आलोट के समस्त स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।