पुलिस कार्रवाई : 1.5 किलो गांजे के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस कार्रवाई : 1.5 किलो गांजे के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

मोटरसाइकिल व मादक पदार्थ जब्त

हरमुद्दा
​रतलाम, 11 अगस्त। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सैलाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.5 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ तीन आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। जब्त कुल मशरूका की कीमत लगभग ₹79,000/- आंकी गई है।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी

सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने बताया कि 10 अगस्त को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि रतलाम-बांसवाड़ा रोड स्थित केसरपुरा फंटे के पास तीन व्यक्ति मोटरसाइकिल पर अवैध मादक पदार्थ लेकर खड़े हैं और उसे किसी अन्य व्यक्ति को बेचने की फिराक में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने केसरपुरा फंटे पर पहुंचकर घेराबंदी की।

तलाशी में मिला गांजा और बाइक जब्त

मौके पर मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार तीन संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। नियमानुसार की गई तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से करीब 1.5 किलोग्राम अवैध गांजा (कीमत ₹29,000/-) बरामद हुआ। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त हीरो एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक MP43 ZG 5561, कीमत ₹50,000/-) को भी विधिवत जब्त कर लिया गया।

एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज

आरोपियों के खिलाफ थाना सैलाना में अपराध क्रमांक 297/2026, धारा 8/20 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है कि यह मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और किसे सप्लाई किया जाना था।

​गिरफ्तार आरोपी

⚫ ​पंकज पिता रमेश बामनिया (उम्र 25 वर्ष), निवासी बागरियो की खेड़ी, सैलाना

⚫ ​कारु उर्फ कालु पिता मांगु बामनिया (उम्र 50 वर्ष), निवासी बागरियो की खेड़ी, सैलाना

⚫ ​गोवर्धन पिता मांगु बामनिया (उम्र 45 वर्ष), निवासी बागरियो की खेड़ी, सैलाना
​जब्त मशरूका विवरण:

⚫ ​अवैध गांजा: लगभग 1.5 किलोग्राम (अनुमानित मूल्य: ₹29,000/-)

⚫ ​मोटरसाइकिल: हीरो एचएफ डिलक्स, MP43 ZG 5561 (अनुमानित मूल्य: ₹50,000/-)