प्रिंटिंग प्रेस कर्मी ने फांसी लगाकर की खुदकुशी

प्रिंटिंग प्रेस कर्मी ने फांसी लगाकर की खुदकुशी

​दोस्त के कमरे में लगाया फंदा

3 दिन से काम पर नहीं जा रहा था युवक

हरमुद्दा
​रतलाम, 16 सितंबर। शहर के गांधी नगर स्थित राधा कृष्ण मंदिर के पास किराए के मकान में रहने वाले एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान लोकनाथ (मूल निवासी: आंध्र प्रदेश) के रूप में हुई है। वह स्थानीय प्रिंटिंग प्रेस में कार्यरत था।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात की है। लोकनाथ अपने मकान की ऊपरी मंजिल पर स्थित दोस्त के कमरे में गया और वहां छत में लगे लोहे के कड़े से रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

तीन दिन से अनुपस्थित था मृतक

घटना का खुलासा तब हुआ जब आसपास के लोगों को मामले की भनक लगी। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पूछताछ में सामने आया है कि मृतक पिछले 3 दिनों से प्रिंटिंग प्रेस काम पर भी नहीं जा रहा था। हालांकि, उसने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।  

पुलिस जांच जारी

घटनास्थल से पुलिस को कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और आंध्र प्रदेश में रह रहे परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और सहकर्मियों व मकान मालिक से पूछताछ की जा रही है।