सरपंच का कमाल : जन सुविधा और गांव विकास के लिए निकाली लाखों की राशि डकारी सरपंच प्रसादी बाई मेहता ने
⚫ दो सचिवों से हुई वसूली
⚫ पर्यावरण डाइजेस्ट के संपादक व पैतृक गांव के लिए चिंतित खुशहाल सिंह पुरोहित ने आयुक्त को लिखा पत्र
⚫ मामला 2010 से 2015 तक सरपंच के कार्यकाल का
हरमुद्दा
धार/बदनावर, 2 अप्रैल। सरकार और प्रदेश शासन गांव-गांव में जन सुविधाओं के विस्तार और गांव के विकास को लेकर कटिबद्ध है मगर धार जिले के काछी बड़ोदा गांव की सरपंच प्रसादी बाई मेहता ने लाखों की राशि निकाल कर डकार ली। महिला सरपंच का साथ देने वाले दो सचिवों से तो शासन वसूली कर चुका है मगर सरपंच प्रसादी बाई से वसूली शेष है।

काछी बड़ौदा की तत्कालीन सरपंच प्रसादी बाई मेहता
मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2010 से 2015 तक धार जिले की बदनावर तहसील के काछी बड़ोदा गांव की महिला सरपंच प्रसादी बाई मेहता रही। सर्व शिक्षा अभियान और पंच परमेश्वर योजना के तहत सरपंच ने अनियमित राशि आहरित तो कर ली गई मगर उतना खर्च नहीं किया गया। इस कार्य में सरपंच का साथ तत्कालीन सचिव रामचंद्र परमार और सुंदरलाल शर्मा ने भी साथ दिया।
मामला पहुंचा न्यायालय में
ग्राम पंचायत काछी बडोदा की तत्कालीन सरपंच प्रसादीबाई मेहता, सचिव रामचन्द्र परमार एवं सुंदरलाल शर्मा के विरूद्ध शासकीय राशि के लिए जिला न्यायालय जिला पंचायत धार में प्रकरण पहुंचा।
सर्व शिक्षा अभियान की आधी राशि जमा करवाई सचिव ने
तत्कालीन सरपंच प्रसादीबाई मेहता एवं तत्कालीन सचिव रामचन्द्र परमार के विरूद्ध सर्व शिक्षा अभियान के कार्यों में अनियमित राशि आहरण करने पर 787964/- की वसूली आरोपित की गई थी। न्यायालय जिला पंचायत धार के आदेश क्रमांक 414 / 5 जून 2020 द्वारा सरपंच एवं सचिव से राशि रुपए 393982/- एवं 393982/- समान रूप से वसूली के आदेश प्रसारित किए गए थे। इस आदेश के पालन में कार्यालय कलेक्टर जिला शिक्षा केन्द्र धार के पत्र कमांक 4183 / 11 जनवरी 2023 के अनुसार सचिव द्वारा इनके हिस्से की राशि 393982/- जमा की गई है। तत्कालीन सरपंच से राशि 393982/- की वसूली शेष है।
पंच परमेश्वर योजना की आधी राशि जमा करवाई सचिव ने
इसी तरह तत्कालीन सरपंच प्रसादीबाई मेहता एवं तत्कालीन सचिव सुन्दरलाल शर्मा के विरूद्ध पंच परमेश्वर योजनांतर्गत मूल्यांकन के विरूद्ध 1237000/- का अधिक आहरण करने से न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बदनावर के आदेश 30 अक्टूबर 2015 अनुसार वसूली आदेशित की गई थी। जिला पंचायत धार के पत्र कमांक 761/ 18 मई 2018 द्वारा 618510/- में से श्री शर्मा सचिव द्वारा 200000/- का कार्य का मूल्यांकन एवं 418510/- की राशि इनके द्वारा जमा करवा दी गई है। तत्कालीन सरपंच से राशि रुपए 618510/- की वसूली की जाना शेष है।
तत्कालीन सरपंच से वसूलना है सर्व शिक्षा अभियान और पंच परमेश्वर की राशि
तत्कालीन सरपंच प्रसादीबाई मेहता से कमशः राशि रुपए 393982/- एवं 618510/- इस प्रकार कुल 1012492/- की वसूली शेष है।
पर्यावरण डाइजेस्ट के संपादक ने शिकायती पत्र लिखा आयुक्त

पैतृक गांव के चिंतक डॉ. खुशहाल सिंह पुरोहित
मध्य प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार, पर्यावरण डाइजेस्ट के संपादक एवं पैतृक गांव की चिंता करने वाले डॉ. खुशहाल सिंह पुरोहित ने इंदौर के आयुक्त को शिकायती पत्र लिखा है। फरवरी 26 में लिखे गए पत्र माध्यम से पूर्व सरपंच प्रसादीबाई मेहता से एक करोड से अधिक की शासकीय राशि वसूली के आदेश शीघ्र करने की मांग की। इस पर संयुक्त आयुक्त (विकास) इंदौर ने कलेक्टर धार को पत्र भी लिखा है।
प्रकरण में 10 अप्रैल को है सुनवाई
तत्कालीन सरपंच प्रसादीबाई मेहता ग्राम पंचायत काछी बड़ोदा जनपद पंचायत बदनावर, जिला धार के विरूद्ध पद का दुरूपयोग करने के संबंध में म.प्र. पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम 1993 की धारा-89 के तहत कार्रवाई करते हुए धारा-89 के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत धार अभिषेक चौधरी ने 30 मार्च 26 को पत्र लिखा। पत्र के माध्यम से बताया कि प्रकरण में आगामी सुनवाई 10 अप्रैल 2026 को नियत की गई है। तत्कालीन सरपंच प्रसादी बाई मेहता को पक्ष रखने के लिए लिखा है। अनुपस्थित रहने की स्थिति में प्रकरण में एक पक्षीय नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
Hemant Bhatt