दो शव से सनसनी: निर्माणाधीन मकान के तहखाने में मिले लिव-इन कपल के शव

दो शव से सनसनी: निर्माणाधीन मकान के तहखाने में मिले लिव-इन कपल के शव

सूचना मिलती है पुलिस  पहुंची मौके पर

⚫ सुसाइड नोट में खुद को बताया मौत का जिम्मेदार

हरमुद्दा
​रतलाम, 27 अगस्त। जिले के ढोढर क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक निर्माणाधीन मकान के तहखाने (बेसमेंट) से एक महिला और पुरुष के शव बरामद हुए। मृतकों की पहचान ईश्वर लाल प्रजापत और चंदाबाई के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ समय से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही ढोढर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को घटना स्थल से सल्फास की गोलियां और एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है।


​साले की पत्नी के साथ लिव-इन में रह रहा था ठेकेदार

जानकारी के अनुसार, मृतक ईश्वर लाल पेशे से मकान निर्माण का ठेकेदार था। जिस निर्माणाधीन मकान में दोनों के शव मिले, उसके निर्माण का ठेका भी ईश्वर लाल के पास ही था। मृतका चंदाबाई रिश्ते में ईश्वर लाल के साले की पत्नी बताई जा रही है। पति-पत्नी के रिश्ते से अलग दोनों लंबे समय से एक-दूसरे के साथ लिव-इन में रह रहे थे।

मकान मालिक के पहुंचते ही खुला राज

घटना का खुलासा गुरुवार सुबह उस समय हुआ, जब मकान मालिक निर्माणाधीन स्थल पर काम का जायजा लेने पहुंचा। तहखाने में दोनों को अचेत अवस्था में देखकर उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

मौके से मिला सुसाइड नोट

पुलिस को मौके से सल्फास के पैकेट/गोलियां और एक सुसाइड नोट मिला है। सुसाइड नोट में लिखा गया है कि वे अपनी मौत के जिम्मेदार स्वयं हैं और इसके लिए किसी अन्य को परेशान न किया जाए।

पुलिस जांच जारी

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। ढोढर पुलिस मामला दर्ज कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस खौफनाक कदम के पीछे पारिवारिक विवाद था या कोई अन्य आर्थिक अथवा सामाजिक तनाव। फिलहाल फॉरेंसिक टीम और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।