सामाजिक सरोकार : रतलाम कला मंच की बैठक में बने नए संकल्प

सामाजिक सरोकार : रतलाम कला मंच की बैठक में बने नए संकल्प

सामाजिक सरोकार और नई प्रतिभाओं को मंच देने पर जोर

हरमुद्दा
​रतलाम, 15 सितंबर। सामाजिक, साहित्यिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में विगत 37 वर्षों से अपनी विशिष्ट पहचान बना चुकी नगर की प्रतिष्ठित संस्था 'रतलाम कला मंच' (पूर्व नाम: सुरभि संस्था) की एक महत्वपूर्ण एवं आवश्यक बैठक उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। इस बैठक में संस्था को अधिक गतिशील बनाने और समाजहित के कार्यों को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।


रतलाम कला मंच रतलाम के प्रचार सचिव शरद चतुर्वेदी ने हरमुद्दा को बताया कि बैठक के दौरान उपस्थित सभी सदस्यों ने संस्था हित और सामाजिक उत्तरदायित्वों को लेकर अपने-अपने विचार रखे। व्यापक विचार-विमर्श के पश्चात निम्नलिखित प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।

संस्था का पुनर्गठन एवं नए सदस्यों का जोड़ना: संस्था की गतिविधियों में निरंतरता और ताजगी बनाए रखने के लिए समाजहित की सोच रखने वाले नए लोगों को संस्था से जोड़ा जाएगा तथा संस्था का पुनर्गठन किया जाएगा।

त्रैमासिक बैठकों का आयोजन: जनहित और सामाजिक सरोकार के कार्यक्रमों की निरंतरता बनी रहे, इसके लिए हर तीन माह में एक बार समीक्षा एवं योजना बैठक आयोजित की जाएगी।

प्रतिभाओं को प्रोत्साहन: साहित्यिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का दायरा बढ़ाते हुए छोटे-बड़े आयोजन किए जाएंगे, ताकि नगर की उभरती हुई नई प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच मिल सके।

पारिवारिक सहभोज व पिकनिक: सदस्यों के बीच परस्पर आत्मीयता और एकजुटता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वर्ष में एक बार पारिवारिक सहभोज व पिकनिक का आयोजन होगा।

आगामी त्योहारों पर विशेष आयोजन: आगामी त्योहारों के अवसर पर जन-जागरूकता और सांस्कृतिक महत्व से जुड़े नवीन कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
​बैठक के दौरान संस्था सदस्य विवेक शर्मा ने अपनी स्वरचित देशभक्ति कविता का पाठ किया, जिसे उपस्थित सभी सदस्यों ने अत्यधिक सराहा।

बैठक में इनकी रही मौजूदगी

इस अवसर पर सर्वश्री महेश ओझा, अजय चौहान, शरद चतुर्वेदी, अरुण शर्मा, विवेक शर्मा, मनोज भावसार, राजेंद्र चतुर्वेदी, श्रीमती सौम्या भावसार, शीतल पांचाल, दीपिका पंवार एवं खुशबु सोढा सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।