सामाजिक सरोकार : सर्वब्राह्मण सभा का हुआ प्रतिभा अलंकरण समारोह
⚫ 138 प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
⚫ समाजसेवियों और संगठनकर्ताओं का भी बढ़ा मान
⚫ सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत
हरमुद्दा
रतलाम, 29 जून। श्री सर्वब्राह्मण सभा द्वारा आयोजित प्रतिभा अलंकरण समारोह सामाजिक एकता, समरसता और संगठन की शक्ति का एक अभूतपूर्व उदाहरण बनकर संपन्न हुआ। इस अनुकरणीय आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि इसमें ब्राह्मण समाज की 48 से अधिक उपजातियों के प्रतिनिधियों ने एक मंच पर अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन सपरिवार शामिल हुए।

समारोह के मुख्य अतिथि निमिष व्यास रहे, जबकि अध्यक्षता जी.के. शर्मा ने की। कार्यक्रम में प्रमुख वक्ता के रूप में उपस्थित डॉ. मंगलेश्वरी जोशी ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में युवा पीढ़ी को सही दिशा देने पर जोर देते हुए कहा कि बच्चों को नशे की लत से दूर रहना चाहिए। विशिष्ट अतिथि के रूप में सनातन सोशल ग्रुप के अध्यक्ष अनिल पुरोहित, समाजसेवी प्रेमलता दवे, अदिति दवेसर एवं एमआईसी सदस्य विशाल शर्मा मौजूद रहे।

शिक्षा, खेल और संगीत की 138 प्रतिभाएं सम्मानित
समारोह में शिक्षा, खेलकूद और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के 138 प्रतिभावान बच्चों का सम्मान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। खेल क्षेत्र में विशेष उपलब्धि के लिए संजय वशिष्ठ व माही व्यास तथा संगीत के क्षेत्र में भुवी व्यास को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
समाजसेवियों और संगठनकर्ताओं का भी बढ़ा मान
संगठन और समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए जी.के. शर्मा, प्रभाकांत उपाध्याय, राजेश चाष्टा, सुरेश दवे, नवदीप शर्मा, पत्रकार राकेश शर्मा, कल्पना पुरोहित, राजेश डोरिया, राधा जोशी एवं प्रथमा कौशिक का भी मंच से सम्मान किया गया।
सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत
संयुक्त आह्वान में सभा के अध्यक्ष नरेंद्र जोशी, कार्यकारी अध्यक्ष शैलेंद्र तिवारी, परामर्शदाता शांतिलाल शर्मा एवं महिला अध्यक्ष सुनीता पाठक ने समाजजनों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि समाज में यही एकता और सकारात्मक सोच बनी रही, तो भविष्य में भी युवाओं के प्रोत्साहन और संस्कृति के संरक्षण के लिए ऐसे आयोजन होते रहेंगे। समाज में शिक्षा, संस्कार, मजबूत संगठन और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है।
सहयोगियों का माना आभार
संचालन सभा के सचिव नरेंद्र त्रिवेदी ने किया। अंत में ऊषा दुबे एवं नवदीप शर्मा ने सभी अतिथियों, समाजजनों और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

Hemant Bhatt