"मेरी रोटरी, मेरा अभिमान" के ध्येय वाक्य के साथ नई टीम ने संभाली कमान
⚫ रोटरी क्लब रतलाम सेंट्रल का हुआ 40वां पद ग्रहण समारोह
हरमुद्दा
रतलाम, 28 जून। महू मार्ग स्थित होटल समता सागर में रोटरी क्लब रतलाम सेंट्रल का 40वां पद ग्रहण समारोह गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व संभाग आयुक्त (रीवा व शहडोल संभाग) डॉ. अशोक कुमार भार्गव (IAS) उपस्थित थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में रोटरी मंडल 3040 (सत्र 2026-27) के मंडल अध्यक्ष संस्कार कोठारी एवं अहमदाबाद के प्रसिद्ध जीवन व व्यवसाय कोच डॉ. जितेश गढ़िया उपस्थित रहे।

सांस्कृतिक प्रस्तुति और भव्य शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ नटेश्वर नृत्य संस्थान बड़वाह द्वारा प्रस्तुत की गई मनमोहक गणेश वंदना से हुआ। सार्जेंट एट आर्म्स वीरेंद्र जैन द्वारा कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा के बाद सभी सदस्यों ने राष्ट्रगान किया। इसके पश्चात अतिथियों ने मां सरस्वती एवं लॉर्ड पावेल के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलन किया।

अतिथियों का किया स्वागत
क्लब के वरिष्ठ सदस्यों अमृत मांडोत, प्रवीण रामावत, अनिल बाफना, मनोज कांठेड, रोहित रुनवाल, विजय मालवी ने अतिथियों का स्वागत किया। प्रथम महिला मंडल अध्यक्ष दीप्ति कोठारी का स्वागत मीना मांडोत व मनीषा कांठेड ने और सहायक मंडलाध्यक्ष मानिक डांगे का स्वागत चेतना कोठारी ने किया। स्वागत उद्बोधन अमृत मांडोत ने दिया, जबकि सचिवीय रिपोर्ट प्रवीण रामावत द्वारा प्रस्तुत की गई।
नई टीम का दायित्व ग्रहण
समारोह में निवर्तमान अध्यक्ष अमृत मांडोत ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनिल बाफना को और निवर्तमान सचिव प्रवीण रामावत ने नवनिर्वाचित सचिव मनोज कांठेड को कॉलर पहनाकर व चार्टर सौंपकर कार्यभार सौंपा। नवीन संचालक मंडल का परिचय अध्यक्ष अनिल बाफना ने कराया, वहीं नए सदस्यों का परिचय अखिलेश गुप्ता द्वारा दिया गया।
"मेरी रोटरी, मेरा अभिमान"
पदभार ग्रहण करने के बाद नए अध्यक्ष अनिल बाफना ने कहा— "इस वर्ष हमारे क्लब का ध्येय वाक्य 'मेरी रोटरी, मेरा अभिमान' है। हमें रोटरी द्वारा किए जाने वाले सेवा कार्यों और अपने सहयोगी साथियों पर गर्व है। हम इस साल सेवा के नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।"
मानव सेवा को समर्पित है रोटरी
⚫ डॉ. अशोक भार्गव (IAS) मुख्य अतिथि डॉ.भार्गव ने कहा कि वैश्विक संघर्षों के बीच रोटरी क्लब दुनिया में समाधान और शांति का माध्यम है। स्वास्थ्य, स्वच्छ पेयजल और स्वच्छता के क्षेत्र में रोटरी का कार्य सराहनीय है। उन्होंने युवाओं से कहा कि जीवन में आने वाले अवसरों को पहचानें और उन्हें कभी न गंवाएं।
संवेदनशील इंसानों की जरूरत
⚫ संस्कार कोठारी (मंडल अध्यक्ष) ने कहा कि दुनिया में संसाधनों की कोई कमी नहीं है, बस जरूरत है संवेदनशील व्यक्तियों की, जो इन संसाधनों को सही दिशा देकर सेवा कार्यों को अंजाम तक पहुंचा सकें।
उपदेश की नहीं, उपाय की जरूरत
⚫ जीवन कोच डॉ. जितेश गढ़िया ने सकारात्मकता का संदेश देते हुए कहा कि जीवन संघर्ष नहीं, बल्कि एक सुंदर प्रक्रिया है। हमें प्रकृति को जीवन का केंद्र बनाना चाहिए। आज के समय में समाज को खोखले उपदेशों की नहीं, बल्कि ठोस उपायों की आवश्यकता है।
यह थे मौजूद
इस अवसर पर क्लब की ओर से सभी सम्मानीय अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में श्याम विंचुरकर, प्रहलाद अग्रवाल, निर्मल जैन, यशवंत पावेचा, राकेश पोरवाल (बालाजी), अनिल सेठिया, राजेंद्र गादिया सहित रोटरी क्लब के कई वरिष्ठ सदस्य, पदाधिकारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। संचालन प्रो. मनोहर जैन ने किया एवं अंत में आभार प्रदर्शन नवनियुक्त सचिव मनोज कांठेड ने माना।
Hemant Bhatt