शासकीय हाई स्कूल दंतोडिया में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ गुरु-शिष्य परंपरा का हुआ सम्मान
⚫ विद्यार्थियों को किया साइकिल का वितरण
हरमुद्दा
रतलाम, 29 जुलाई। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर शासकीय हाई स्कूल दंतोडिया में सम्मान, संस्कार एवं प्रेरणा से ओतप्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया।
संस्था प्राचार्य ऋतेश पंवार ने हरमुद्दा को बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात छात्राओं ने गुरु महिमा पर आधारित गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर उपस्थित अतिथियों और विद्यार्थियों की सराहना प्राप्त की।
सेवानिवृत्त शिक्षक का किया सम्मान
कार्यक्रम में शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएँ देने वाले सेवानिवृत्त शिक्षक गोपाल शर्मा का विद्यालय परिवार द्वारा स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। वहीं शिक्षा विभाग में उल्लेखनीय योगदान के लिए शिक्षक विनोद मावर का भी स्मृति-चिह्न प्रदान कर अभिनंदन किया गया। अतिथियों ने कहा कि गुरु समाज की वह शक्ति हैं, जो ज्ञान के साथ संस्कारों का भी निर्माण करते हैं।
विद्यार्थियों को किया साइकिल का वितरण
इस अवसर पर मध्यप्रदेश शासन की निःशुल्क साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत कक्षा 6 के 22 एवं कक्षा 9 के 14 सहित कुल 36 विद्यार्थियों को साइकिलें वितरित की गईं। विद्यार्थियों को योजना के उद्देश्य एवं शिक्षा के प्रति नियमितता बनाए रखने में इसकी उपयोगिता की जानकारी भी दी गई।
शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का किया सम्मान
संस्था प्राचार्य ऋतेश पंवार ने गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के दौरान आयोजित साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने वाले शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल गुरु वंदन का पर्व नहीं, बल्कि ज्ञान, अनुशासन, संस्कार और कर्तव्यबोध के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ करने का अवसर है। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत दंतोडिया के सरपंच ईश्वरलाल खराड़ी एवं सचिव बंशीलाल भाभर ने विद्यार्थियों को उपहार स्वरूप कलम भेंट की।
यह थे मौजूद
कार्यक्रम में संस्था के सीमा खरे, वीरेंद्र कुमार कैथवास, ईश्वरलाल मालवीय, वर्षा सूर्यवंशी, कालू सिंह चौहान, बद्रीलाल परमार,कोमल परमार, राजेश मालीवाड़, गोपाल भाभर सहित, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
Hemant Bhatt