... और चल गई गोली : भाजपा नेता की पुत्र की शादी में मंच पर गोली चलने से एक घायल

⚫ दो हर्ष फायर के बाद कमर में रिवाल्वर खोसते समय चली गोली
⚫ घायल का चल रहा है निजी चिकित्सालय में उपचार
⚫ घायल ने किया कार्रवाई से इनकार
हरमुद्दा
खंडवा, 14 अप्रैल। भाजपा नेता के पुत्र की शादी में सभी लोग खुशियां मना रहे थे। मंच पर नाच गाना चल रहा था, तभी आधी रात को नाचने के दौरान गोली चल गई। गोली पूर्व उपसरपंच के पैर में लगी। अस्पताल ले गए। उनकी हालत खतरे से बाहर है। घटनास्थल पहुंची। जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार जावर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पेठिया रैयत में रविवार देर रात करीब 2:30 बजे भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष फाजिल पटेल के पुत्र की शादी के दौरान मंच पर नाच गाना चल रहा था तभी रात को तकरीबन ढाई बजे लाइसेंसी बंदूक से गोली चली। गोली रिश्तेदार पूर्व उपसरपंच फिरोज पिता याकूब खान के पैर में लगी है। रात में जिला अस्पताल लाने के बाद घायल का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है। घायल की हालत खतरे से बाहर है।
दो हर्ष फायर के बाद कमर में रिवाल्वर खोसते समय चली गोली
घायल पूर्व उप सरपंच फिरोज खान ने बताया कि वह ग्राम मदनी से अपने रिश्तेदार के पुत्र के विवाह में आया था। यहां रात दो से ढाई बजे के बीच मंच पर सभी लोग नाच रहे थे। मैं भी मंच पर मौजूद था। नाचते समय इंदौर से आए मेहमान रिंकू ठक्कर व साथी द्वारा एक- दो हर्ष फायर के बाद अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर को कमर में खोस ली थी। इसी दौरान अचानक गोली चलने पर यह घटना हो गई। घायल द्वारा इस मामले में किसी प्रकार की कार्रवाई से इंकार किया गया है।
घटनास्थल का लिया जायजा, की जा रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही जावर थाना प्रभारी जीपी वर्मा और डीएसपी अनिल चौहान द्वारा घटना स्थल का जायजा और घायल से चर्चा कर जांच की जा रही है।