रतलाम में दुस्साहसिक वारदात: बस सवार सर्राफा व्यापारी से करीब 5 किलो सोना लूटा
⚫ कीमत 8 करोड़
⚫ ड्राइवर की भूमिका संदिग्ध
हरमुद्दा
रतलाम, 14 अगस्त। गुरुवार की रात कोरतलाम-इंदौर मार्ग पर 'रेन मऊ' फंटे के पास बदमाशों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए सर्राफा कारोबारी से करीब 5 किलो सोना लूट लिया। बडनगर से रतलाम आ रही बस में घटित इस वारदात से पूरे व्यापारी जगत और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। लूटे गए सोने की अनुमानित बाजार कीमत 7 से 8 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
पीड़ित रतलाम की जैन कॉलोनी निवासी अर्पित चौरडिया बडनगर से बस में सवार होकर रतलाम लौट रहे थे। बस में करीब 5 संदिग्ध व्यक्ति पहले से मौजूद थे, जिनमें से एक आरोपी ड्राइवर के पास ही बैठा हुआ था। रात लगभग 9:30 बजे जैसे ही बस रेन मऊ फंटे के पास रुकी, 3 से 4 बदमाशों ने पलक झपकते ही अर्पित चौरडिया से सोने से भरा बैग झपटा और बस से उतरकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
बस ड्राइवर की भूमिका पर गहराया शक
मामले में बस ड्राइवर की भूमिका बेहद संदिग्ध मानी जा रही है। जिस तरह से अचानक बस को रोका गया और आरोपियों ने बिना किसी देरी के बैग पर झपट्टा मारा, उससे यह आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों को बैग में मौजूद कीमती सामान की सटीक जानकारी थी और ड्राइवर की सहमति या मिलीभगत से इस साजिश को अंजाम दिया गया।
पुलिस की कार्रवाई और नाकेबंदी
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अमित कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। क्षेत्र के सभी प्रमुख मार्गों पर सघन चेकिंग और नाकेबंदी लागू कर दी गई है। मार्ग पर स्थित सभी ढाबों, टोल प्लाजा और आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले जा रहे हैं। संदिग्धों और बस स्टाफ से लगातार पूछताछ जारी है।
Hemant Bhatt