शिक्षा सरोकार : बी.एड. (दो वर्षीय) नियमित पाठ्यक्रम के लिए प्रवेश कार्यक्रम जारी
⚫ प्रथम चरण की अंतिम तारीख 14 मई
हरमुद्दा
रतलाम, 12 मई। उच्च शिक्षा विभाग, मध्य प्रदेश शासन ने बी.एड. सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए समय सारणी जारी की है। यह प्रवेश ऑनलाइन के माध्यम से होंगे। बी.एड. प्रवेश के लिए कुल तीन चरण होंगे। प्रवेश हेतु इच्छुक विद्यार्थी उच्च शिक्षा विभाग द्वारा निर्धारित काउंसलिंग प्रक्रिया के माध्यम से एमपी ऑनलाइन पर अपना आवेदन कर सकते हैं। बी.एड में प्रवेश के लिये सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए स्नातक/स्नातकोत्तर में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं, जबकि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के आवेदकों को नियमानुसार 5 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी। ऐसे अभ्यर्थी जिनका स्नातक अंतिम वर्ष का परिणाम अभी शेष है, वे अपने प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के अंकों के आधार पर ऑनलाइन पंजीयन करते हुए प्रावधिक प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं।

यह जानकारी देते हुऐ राॅयल इंस्टीट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड एडवांस्ड स्टडीज, रतलाम की शिक्षा संकाय की प्राचार्य डाॅ. आर.के. अरोरा ने बताया कि, प्रवेश प्रक्रिया निम्नानुसार रहेगी-
प्रथम चरण की समय सारणी
इस चरण में ऑनलाइन पंजीयन व कॉलेज चॉइस फीलिंग 14 मई 2026 तक होगी, जिसके दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन की अंतिम तिथि 15 मई है।
इस चरण में मेरिट सूची 18 मई को प्रकाशित होगी और सीट आवंटन 20 मई 2026 को जारी किया जाएगा। आवंटित विद्यार्थियों को 20 मई से 25 मई तक हेल्प सेंटर पर दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा और 20 मई से 26 मई 2026 तक प्रवेश शुल्क जमा कर अपना प्रवेश सुनिश्चित करना होगा।
द्वितीय चरण की समय सारणी
इस चरण में ऑनलाइन पंजीयन दिनांक 28 मई से 03 जून 2026 तक होंगेे, जिसके दस्तावेजों का सत्यापन 29 मई से 04 जून 2026 तक किया जाएगा। इस चरण में मेरिट सूची 07 जून को आएगी और सीट आवंटन 09 जून 2026 को जारी होगा। इस चरण के विद्यार्थियों को हेल्प सेंटर पर सत्यापन 09 जून से 12 जून तक और प्रवेश शुल्क का भुगतान 09 जून से 13 जून 2026 तक करना अनिवार्य होगा।
तृतीय चरण की समय सारणी
इस चरण में ऑनलाइन पंजीयन 15 जून 2026 से 19 जून तक होंगे, जिसके दस्तावेजों का सत्यापन 16 जून से 20 जून तक और मेरिट सूची का प्रकाशन 22 जून 2026 तक किया जाएगा। इस चरण में सीट आवंटन 25 जून 2026 को जारी किया जाएगा, जिसके पश्चात हेल्प सेंटर पर भौतिक सत्यापन 24 जून से 29 जून तक तथा प्रवेश शुल्क का भुगतान 25 जून से 30 जून 2026 तक किया जा सकेगा।
वरीयता के आधार पर होगा सीट का आवंटन
रॉयल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. आर.के. अरोरा ने सभी विद्यार्थियों को सलाह दी है कि, उपरोक्त प्रथम, द्वितीय व तृतीय चरण में प्रथम वरीयता के आधार पर आवेदकों को सीट आवंटित होने के उपरान्त आवेदक द्वारा प्रवेश नहीं लेने या प्रवेश लेकर निरस्त कराने की स्थिति में ऐसे आवेदकों को घोषित समय सारणी अनुसार आगामी चरणों की प्रवेश प्रक्रिया में ज्वाइस फिलिंग के अवसर से पृथक किया जाएगा।
निर्धारित अवधि में कराएं शुल्क जमा
उन्होंने बताया कि, अभ्यर्थी निर्धारित समय-सीमा के भीतर ही अपनी ऑनलाइन और भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण करें। महाविद्यालय आवंटन के उपरांत विद्यार्थियों को अपने मूल दस्तावेजों, जिसमें मूल टी.सी. तथा माइग्रेशन प्रमाण-पत्र शामिल हैं, के साथ हेल्प सेंटर पर उपस्थित होना अनिवार्य है। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही प्रवेश शुल्क की लिंक सक्रिय की जाएगी और निर्धारित अवधि में शुल्क जमा न करने पर प्रवेश मान्य नहीं होगा।
Hemant Bhatt