रतलाम-इंदौर फोरलेन पर भीषण सड़क हादसा: बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मनीष सिंह और ससुर की मौत
⚫ सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची मौके पर
⚫ घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया
⚫ उपचार के दौरान डॉक्टर मनीष के ससुर की मौत
हरमुद्दा
रतलाम, 13 जुलाई। रतलाम-इंदौर फोरलेन पर रविवार-सोमवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। धराड़ के आगे टोल नाके के पास एक कार अनियंत्रित होकर छोटी पुलिया से टकरा गई। इस भीषण दुर्घटना में रतलाम के प्रसिद्ध बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मनीष सिंह (42) और उनके ससुर शिवनारायण राजौरिया (80) की दुखद मौत हो गई। कार में सवार महिला, पुरुष और बच्चे घायल हुए हैं, जिनका इलाज रतलाम मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

डॉ. मनीष सिंह
पुलिस से मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना रविवार देर रात करीब 3:30 बजे हुई। कार डॉ. मनीष सिंह के साढू अजय चला रहे थे। देर रात का समय होने के कारण अचानक चालक को झपकी आ गई, जिससे गाड़ी पर से नियंत्रण खो गया और कार सीधे सड़क किनारे बनी एक छोटी पुलिया से जा टकराई। गनीमत रही कि चालक अजय ने सीट बेल्ट लगा रखा था, जिसके कारण वे पूरी तरह सुरक्षित हैं। परिवार भोपाल से आ रहा था।
मौके पर पहुंची पुलिस, घायलों का उपचार जारी
घटना की सूचना मिलते ही बिलपांक थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस बल ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और तुरंत एम्बुलेंस के जरिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भिजवाया।
अस्पताल में उपचार के दौरान बुजुर्ग शिवनारायण राजौरिया ने दम तोड़ दिया, वहीं डॉ. मनीष सिंह की भी इस हादसे में जान चली गई। हादसे में घायल हुए अन्य परिजनों का डॉक्टरों की देखरेख में इलाज चल रहा है। घायलों में शामिल हैं।
⚫ डॉ. मनीष सिंह का 7 वर्षीय पुत्र राइवा
⚫ डॉ. मनीष की पुत्री सवया
⚫ डॉ मनीष की पत्नी गौमती (39)
⚫ अनुज (42) डॉ. मनीष का साडू
⚫ लवली (42) पति अनुज

फिलहाल मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों की टीम बच्चों और अन्य घायलों के उपचार में जुटी हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
Hemant Bhatt