रतलाम में बड़ा हादसा: पैराडाइज वैली में पिकनिक मनाने गए छात्रों को बचाने में दो शिक्षकों और एक छात्र की डूबने से मौत

रतलाम में बड़ा हादसा: पैराडाइज वैली में पिकनिक मनाने गए छात्रों को बचाने में दो शिक्षकों और एक छात्र की डूबने से मौत

पिकनिक का मजा बदला मातम में

⚫ सूचना मिलते पुलिस और बचाव दल पहुंचा मौके पर

⚫ निजी स्कूल के विद्यार्थी और शिक्षक आए थे पिकनिक मनाने

हरमुद्दा
​रतलाम, 23 अगस्त। रविवार को रतलाम के पास प्रसिद्ध पिकनिक स्पॉट 'पैराडाइज वैली' में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां जावरा के एक निजी स्कूल के पिकनिक दल का मज़ा मातम में बदल गया। गहरे पानी में डूब रहे छात्रों को बचाने की कोशिश में दो शिक्षकों और एक 15 वर्षीय छात्र की जान चली गई।


​जावरा के एक निजी स्कूल का 17 सदस्यीय दल (13 विद्यार्थी और 4 शिक्षक) रविवार को पिकनिक मनाने पैराडाइज वैली आया था। पिकनिक के दौरान कुछ छात्र पानी के तेज बहाव और गहराई में चले गए और डूबने लगे। छात्रों को संकट में देख दो शिक्षकों ने अदम्य साहस दिखाते हुए तुरंत पानी में छलांग लगा दी। शिक्षकों ने कुछ बच्चों को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन वे खुद और एक छात्र गहरे पानी की चपेट में आ गए।

सूचना मिलते हैं पुलिस और बचाव दल पहुंचा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल (रेस्क्यू टीम) मौके पर पहुंचा। कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को पानी से निकालकर तुरंत मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
​मृतकों की पहचान

⚫ ​हर्षित पाटीदार (15 वर्ष) – निवासी, जावरा (छात्र)

⚫ ​प्रिंस पिता करण (28 वर्ष) – निवासी, जावरा (शिक्षक)

 ​⚫ विजय सिंह (52 वर्ष) – निवासी, जावरा (शिक्षक)

इन्हे बचाया

दुर्घटना में घायल छात्रा खुशी (पिता नंदलाल राठौर) 15 वर्षीय, अन्वेष 15 वर्षीय, सिद्धि 16  को इलाज के लिए तुरंत जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल

​हादसे की खबर फैलते ही जावरा और रतलाम क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लेकर पूरे हादसे की जांच शुरू कर दी है।