रतलाम के मंत्री के यहां पर हुई चोरी का एक आरोपी गिरफ्तार, दो अभी भी फरार

रतलाम के मंत्री के यहां पर हुई चोरी का एक आरोपी गिरफ्तार, दो अभी भी फरार

आरोपी के कब्जे से सोने चांदी के आभूषण बरामद

⚫ मार्च 2025 में हुई थी चोरी की वारदात

हरमुद्दा
रतलाम, 3 नवंबर। मंत्री परिवार में हुई चोरी के एक आरोपी को पुलिस ने इंदौर से गिरफ्तार कर लिया है उसके कब्जे से सोने चांदी की आभूषण बरामद किए हैं जिनकी कीमत ₹200000 से अधिक है। चोरी की वारदात के दो आरोपी अभी भी फरार है।

पकड़े गए आरोपी के साथ पुलिस


पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में जिले में लंबित संपत्ति संबंधी अपराधों के त्वरित निराकरण हेतु निर्देशित किया गया है। थाना स्टेशन रोड क्षेत्र के मोहित मंत्री पिता सत्यनारायण मंत्री निवासी 49, टी.आई.टी. रोड, रतलाम, घर में 20 मार्च 25 को हुई चोरी की वारदात पर की गई शिकायत पर थाना स्टेशन रोड में अपराध क्रमांक 184/2025, धारा 305ए, 331(4) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ की गई।

तकनीकी साक्ष्य पर की आरोपी की तलाश

टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों एवं सीसीटीवी फुटेज एनालिसिस एवं मुखबिर तंत्र के आधार पर आरोपी की तलाश की गई। तकनीकी साक्ष्यों से चोरी में संलिप्त आरोपी की पहचान गुरदीप सिंह पिता विजय सिंह, उम्र 20 वर्ष, जाति सिकलीगर, निवासी 449 आकाश नगर, थाना द्वारकापुरी, इंदौर के रूप में हुई। तिहाड़ जेल में होने की सूचना पर प्रोडक्शन वारंट पर आरोपी से पूछताछ की। उसने अपने साथियों के साथ चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। वारदात को अंजाम देने में सहयोग करने वाले राजसिंह पिता किरण सिंह, निवासी आकाश नगर और सुखबीर सिंह पिता रघुवीर सिंह, निवासी आकाश नगर, इंदौर फरार है जिनकी तलाश की जा रही है। 

बरामद हुए आभूषण की कीमत ₹200000 से अधिक

निरीक्षक जितेन्द्र पाल सिंह जादौन (थाना प्रभारी स्टेशन रोड) ने बताया कि सोने की एक चैन, सोने की दो अंगूठियां, सोने के नाक के तीन कांटे, 01 जोड़ी सोने के टॉप्स, 03 जोड़ी चांदी की पायजेब, 03 जोड़ी चांदी की बिछिया, 30 चांदी के सिक्के बरामद किए हैं जिनकी कीमत 220000 रुपए बताई जा रही है