धर्म संस्कृति : शिव शक्ति वासुकी धाम में भव्य शिखर कलश प्रतिष्ठा 24 जून को

धर्म संस्कृति : शिव शक्ति वासुकी धाम में भव्य शिखर कलश प्रतिष्ठा 24 जून को

⚫  आध्यात्मिक जागरण एवं दिव्य ऊर्जा के महायज्ञ में सहभागी बनने का अवसर

हरमुद्दा
रतलाम, 23 जून। जब श्रद्धा आस्था से मिलती है और भक्ति लोककल्याण का स्वरूप धारण करती है, तब ऐसे दिव्य आयोजन समाज में सकारात्मक परिवर्तन एवं आध्यात्मिक चेतना का संचार करते हैं। इसी पावन भावना के साथ 24 जून 2026, बुधवार (जेठ सुदी दशमी) को स्नेह नगर (80 फीट रोड) स्थित शिव शक्ति वासुकी धाम में वासुकीनाथ बाबा मंदिर पर भव्य शिखर कलश प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन केवल मंदिर के शिखर पर कलश स्थापना का समारोह नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, लोकमंगल और आध्यात्मिक उन्नयन का दिव्य उत्सव है।


समाजसेवी हेमंत मूणत में बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातः 11 बजे वासुकीनाथ बाबा का दिव्य अभिषेक, दोपहर 1 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य हवन, 3 बजे पूर्णाहुति, 4 बजे शिखर कलश प्रतिष्ठा तथा सायं 5 बजे महाआरती के पश्चात प्रसादी का आयोजन होगा।रात्रि 8 बजे से भजन संध्या होगी संपूर्ण अनुष्ठान विद्वान आचार्य पंडित प्रवीण शर्मा के सान्निध्य में वैदिक विधि-विधान अनुसार संपन्न कराया जाएगा। श्रद्धालु सफेद पुष्प एवं नारियल अर्पित कर बाबा की परिक्रमा करते हुए परिवार, समाज और राष्ट्र के सुख-समृद्धि एवं कल्याण की मंगलकामना करेंगे। 

होते हैं आयोजन उजयारीपंचमी पर

स्नेह नगर विकास समिति की अध्यक्ष चेतना पाटीदार ने बताया कि वासुकीनाथ बाबा धाम श्रद्धा, सेवा और संस्कारों का जीवंत केंद्र बन चुका है। यहां प्रत्येक माह उजियारी पंचमी एवं प्रत्येक रविवार को विशेष पूजन-अभिषेक आयोजित किए जाते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करते हैं।

सहभागी बनने का आग्रह

समिति ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से इस दिव्य एवं ऐतिहासिक अवसर पर सपरिवार उपस्थित होकर बाबा वासुकीनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने तथा लोककल्याण, आध्यात्मिक उन्नति और सनातन संस्कृति के इस महापर्व में सहभागी बनने का विनम्र आग्रह किया है।