सामाजिक सरोकार : डॉक्टर्स डे पर स्व. अश्विनी शर्मा की स्मृति में रिकॉर्ड 106 यूनिट रक्त संग्रहित

सामाजिक सरोकार : डॉक्टर्स डे पर स्व. अश्विनी शर्मा की स्मृति में रिकॉर्ड 106 यूनिट रक्त संग्रहित

नजर आया जोश, जुनून और उत्साह रक्तदान करने का

⚫ ​सिविल सर्जन डॉ. ए.पी. सिंह ने पहला रक्तदान कर पेश की मिसाल

⚫ ​कलेक्टर की बड़ी घोषणा : अब हर मंगलवार जनसुनवाई में भी हो सकेगा रक्तदान

⚫ ​अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए किया पौधारोपण

⚫ प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

हरमुद्दा
​रतलाम, 1 जुलाई। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस (डॉक्टर्स डे) के अवसर पर रतलाम जिला चिकित्सालय में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। स्वर्गीय अश्विनी शर्मा जी की स्मृति में आयोजित इस 'मेगा ब्लड डोनेट कैंप' में रक्तदाताओं ने भारी जोश, जुनून और उत्साह दिखाया, जिसके चलते रिकॉर्ड 106 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। शिविर की शुरुआत सिविल सर्जन डॉ. ए.पी. सिंह ने स्वयं पहला रक्तदान करके की, जो पूरे समाज के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण बना।

रक्तदाता से चर्चा करते हुए ककेक्टर

रक्तदान शिविर स्थल पर आई कलेक्टर मिशा सिंह ने रक्तदाताओं से चर्चा करते हुए उन्हें अपने साथियों से भी रक्तदान के लिए प्रेरित करने की बात कही। कलेक्टर ने नर्सिंग ऑफिसर जीनत स्टीफन से भी चर्चा की। कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों ने डॉक्टर राय एवं अश्विनी शर्मा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। अतिथियों का स्वागत पिन लगाकर किया।

चिकित्सा सेवा सबसे आदर्श और मानवीय पेशा

विचार व्यक्त करते हुए कलेक्टर

चिकित्सा व्यवसाय केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का सबसे आदर्श और पवित्र माध्यम है। चिकित्सक अपने सफर की शुरुआत ही सेवा के संकल्प के साथ करते हैं। ​"रक्तदान किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का सबसे सरल और महान माध्यम है। गंभीर एनीमिया से पीड़ित गर्भवती महिलाओं और मरीजों की मदद के लिए विकासखंड और ग्राम स्तर पर भी ऐसे शिविर नियमित होने चाहिए।"

 मिशा सिंह, कलेक्टर, रतलाम

कलेक्टर की अनूठी पहल

कलेक्टर ने मंच से घोषणा की कि अब प्रत्येक मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित होने वाली जनसुनवाई के दौरान भी इच्छुक नागरिक स्वेच्छा से रक्तदान कर सकेंगे। इसके लिए कलेक्ट्रेट परिसर में विशेष ब्लड डोनेशन वाहन उपलब्ध कराया जाएगा।

 मेरे दोनों बेटे रक्तदान करके मनाते हैं जन्मदिन

भाजपा जिला अध्यक्ष श्री उपाध्याय विचार व्यक्त करते हुए

कार्यक्रम में मौजूद भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने स्व. अश्विनी शर्मा को याद करते हुए बताया कि उन्होंने अपने जीवनकाल में 100 से अधिक बार रक्तदान कर समाज के सामने एक अद्भुत मिसाल कायम की थी। आज उनके संस्मरण में यह आयोजन ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने गर्व जताते हुए कहा कि रतलाम जिले में रतलाम विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष गोविंद काकानी सहित कई ऐसे 'रक्तवीर' हैं जो 100 और 50 से अधिक बार रक्तदान कर चुके हैं। मेरे दो बेटे हैं। दोनों अपना जन्मदिन रक्तदान करके ही मनाते हैं। मेरा सभी से आह्वान है कि वे जन्मदिन अथवा किसी भी प्रसंग पर रक्तदान अवश्य करें।

क्यों मनाया जाता है डॉक्टर्स डे?

मेडिकल ऑफिसर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. भरत निनामा ने स्वागत भाषण में इस दिन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि हर साल 1 जुलाई को देश के महान चिकित्सक और पश्चिम बंगाल के दूसरे मुख्यमंत्री डॉ. बिधान चंद्र रॉय की स्मृति में 'राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस' मनाया जाता है। उनका जन्म और अवसान दोनों 1 जुलाई (1882-1962) को ही हुआ था। यह दिन डॉक्टरों के समर्पण और समाज के प्रति उनके योगदान को सलाम करने का दिन है।

रक्तवीरों का सम्मान और पौधारोपण

पौधा रोपण के पश्चात जल सींचते कलेक्टर

इस महाअभियान के दौरान पर्यावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय और अन्य अतिथियों ने चिकित्सालय परिसर में पौधारोपण भी किया।

डॉक्टर सपना बोरीवाल को प्रशस्ति पत्र भेंट करते हुए कलेक्टर

साथ ही, शिविर में उत्कृष्ट योगदान के लिए महिला चिकित्सक डॉ. हेतल परमार, नर्सिंग ऑफिसर जीनत स्टीफन, डॉ. सपना बोरीवाल सहित लोकपाल देवड़ा और उनकी पत्नी हेमलता कुंवर को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

ये रहे उपस्थित

डॉक्टर्स डे का फोल्डर लेकर उपस्थित अतिथि

गरिमामय कार्यक्रम में विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष गोविंद काकानी, रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष रावल, जिला चेयरमैन प्रीतेश गादिया, भाजपा जिला मंत्री अनुज शर्मा, सीएमएचओ डॉ. किरण वाडिया, आरएमओ डॉ. अभिषेक अरोड़ा, अस्पताल प्रबंधक डॉ. शिवम श्रीवास्तव, डॉ. चेतन खंडेलवाल सहित मध्य प्रदेश मेडिकल एवं सेल्स रिप्रजेंटेटिव यूनियन (MPMSRU) के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक व रक्तदाता उपस्थित थे। संचालनकर आभार MPMSRU रतलाम के सचिव निखिल मिश्रा ने माना।