खून से लथपथ पति-पत्नी के शव मिले बेडरूम में, बेटा था दूसरे रूम में
⚫ लोगों से सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची मौके पर
⚫ फारेंसिक टीम ने छानबीन शुरू की
⚫ शवों को भेजा पोस्टमार्टम के लिए
हरमुद्दा
बालाघाट, 14 सितंबर। जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बेडरूम में दंपति का शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और फारेंसिक टीम ने छानबीन शुरू कर दी। बेटा पास के रूम में था। बेटी नागपुर में पढ़ाई कर रही है।

मृतक हेमेंद्र और योगिता
कटंगी थाना क्षेत्र के नांदी मोहगांव में रविवार दोपहर एक घर में पति-पत्नी का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों शव बेडरूम में मिले। पत्नी का शव जहां बिस्तर पर था, तो पति का शव बिस्तर के बगल में जमीन पर पड़ा मिला। मृतकों की पहचान हेमेंद्र बिसेन (48) और योगिता बिसेन (40) के रूप में हुई है।
भारी हथियार से वार कर उतारा मौत के घाट
प्रथम दृष्टया मामला हत्या का है। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस और फारेंसिक टीम ने छानबीन शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि दोनों पर वजनी हथियार से वार कर मारा गया है। दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।तकनीकी और फारेंसिक विशेषज्ञ बारीकी से जांच कर रहे हैं।
पुलिस की मामले की जांच में जुटी
जानकारी के अनुसार, मृतक हेमेंद्र बिसेन हार्डवेयर व्यापारी थे, जो अपने पुत्र वशिष्ठ बिसेन और पत्नी योगिता के साथ रहते थे। उनकी एक बेटी प्रज्ञा भी है, जो नागपुर में रहकर पढ़ाई कर रही है। जब घटना की जानकारी लगी, तब वशिष्ठ घर में ही अलग कमरे में था।
Hemant Bhatt