रतलाम में नारकोटिक्स की फर्जी TI बनकर महिला ने 3.45 करोड़ ठगे

रतलाम में नारकोटिक्स की फर्जी TI बनकर महिला ने 3.45 करोड़ ठगे

⚫ रतलाम पुलिस ने शातिर महिला सपना ठाकुर को किया गिरफ्तार

⚫ फर्जी केस और एनकाउंटर का डर दिखाकर संपत्ति हड़पी

हरमुद्दा
​रतलाम, 28 सितंबर। खाकी का खौफ दिखाकर एक प्रॉपर्टी व्यवसायी का सब कुछ छीनने वाली फर्जी नारकोटिक्स अधिकारी सपना ठाकुर आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गई है। आरोपी महिला ने खुद को मंदसौर में 'नारकोटिक्स टीआई' बताकर रतलाम के व्यवसायी को अपने जाल में फंसाया और डर व झांसे के बल पर करीब ₹3.45 करोड़ की नकदी, सोना, मकान और प्लॉट हड़प लिए। माणक चौक थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।


​कैसे शुरू हुआ ठगी का खेल?

तेजानगर निवासी फरियादी रूपेश चरपोट (प्रॉपर्टी ब्रोकर व कंस्ट्रक्शन व्यवसायी) के अनुसार, दिसंबर 2025 में मोहन नगर निवासी सपना ठाकुर (35) ने उनसे संपर्क किया। महिला ने खुद को नारकोटिक्स विभाग की टीआई बताते हुए दावा किया कि वह रूपेश के पुराने कोर्ट केस के आरोपी से उनकी फंसी हुई रकम रिकवर करवा देगी।

किश्तों में वसूले करोड़ों रुपये और सोना

फरियादी को विश्वास में लेने के बाद आरोपी महिला ने अलग-अलग बहानों से वसूली शुरू की। 

नकदी व बैंक ट्रांसफर: ₹70 लाख नकद और ₹22 लाख RTGS के माध्यम से ऐंठे।

​पेट्रोल पंप व लोन का झांसा: नामली 8-लेन पर पेट्रोल पंप लगाने का सपना दिखाकर ₹35 लाख और KCC लोन चुकाने के नाम पर ₹20 लाख ऐंठ लिए।

शादी के जेवर हड़पे: पीड़ित की बेटी की शादी के लिए रखे करीब 105 ग्राम सोने के गहने भी ऐंठ लिए।

दिवालिया साबित करने के नाम पर घर से बेघर किया

ठगी यहीं नहीं रुकी; आरोपी महिला ने फरियादी को कोर्ट केस में खुद को "दिवालिया" साबित करने की अजीब सलाह दी। झांसे में आकर पीड़ित ने अपना तुलसी बिहार स्थित प्लॉट (LIG 06) और तेजानगर स्थित मकान महिला के नाम रजिस्ट्री कर दिया। इसके बाद आरोपी ने मकान पर ताला जड़ दिया और साक्ष्य मिटाने के लिए पीड़ित का मोबाइल फोन तक फॉर्मेट करवा दिया। नतीजतन, पीड़ित परिवार बेघर होकर किराए व रिश्तेदार के मकान में रहने को मजबूर हो गया।

​'MD पाउडर रखकर एनकाउंटर कर दूंगी'—दी भयानक धमकियां

जब पीड़ित ने और पैसे देने से मना किया और अपनी संपत्ति वापस मांगी, तो सपना ठाकुर का खौफनाक चेहरा सामने आया। उसने खुद को 'एनकाउंटर स्पेशलिस्ट' बताते हुए पीड़ित को जान से मारने, पास में एमडी (MD) पाउडर रखकर झूठे NDPS केस में फंसाने और बेटी का रिश्ता तुड़वाने की धमकियां देना शुरू कर दिया।

पुलिस की सख्त कार्रवाई

माणक चौक थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए आरोपी महिला सपना ठाकुर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 318(4), 308(2) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल आरोपी महिला से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि ठगी की गई रकम और संपत्ति की बरामदगी की जा सके।