हरियाली अमावस्या पर नूतन बाल मंदिर में रोपे 40 पौधे 

हरियाली अमावस्या पर नूतन बाल मंदिर में रोपे 40 पौधे 

⚫ ​बच्चों ने ली पौधों के संरक्षण की कमान

शिक्षकों का हुआ सम्मान

हरमुद्दा
​रतलाम, 12 अगस्त। पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकार की दिशा में अनुकरणीय पहल करते हुए हरियाली अमावस्या के पावन अवसर पर महाराष्ट्र समाज द्वारा संचालित नूतन बाल मंदिर हाईस्कूल, विनोबा नगर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्कूल परिसर में 40 फलदार व छायादार पौधे रोपे गए।


​पर्यावरण सहेजने के इस महाअभियान में महाराष्ट्र समाज के अध्यक्ष श्री मिलिंद करंदीकर, गणेश उत्सव समिति के अध्यक्ष नरेंद्र पांडुरकर तथा नूतन बाल मंदिर समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र कुलकर्णी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बच्चों ने ली पौधों के संरक्षण की कमान

वृक्षारोपण के साथ ही पौधों की सुरक्षा और उनके पोषण का संकल्प भी लिया गया। शाला के विद्यार्थियों ने पौधा रोपण के उपरांत उनकी निरंतर देखभाल और रखरखाव की जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली। इसके अतिरिक्त पर्यावरण जागरूकता का संदेश घर-घर पहुँचाने के उद्देश्य से कार्यक्रम में उपस्थित समाजजनों को भी पौधे वितरित किए गए। ​कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ नागरिकों, स्कूल स्टाफ और छात्र-छात्राओं का उत्साहजनक सहयोग रहा।

शिक्षकों का हुआ सम्मान

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट शैक्षणिक व प्रबंधकीय सेवाओं के लिए शाला की प्राचार्या भावना शर्मा एवं समस्त शिक्षक गण का स्मृति चिह्न व सम्मान पत्र देकर अभिनंदन किया गया। संचालन नूतन बाल मंदिर समिति के सचिव संदीप नारले ने किया। नूतन बाल मंदिर समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र कुलकर्णी ने उपस्थित समाजजनों, वरिष्ठ नागरिकों, स्कूल स्टाफ एवं बच्चों का आभार व्यक्त किया।