उपलब्धि सरोकार : शिक्षक दिवस पर प्रदेश के 11 शिक्षक और तीन शिक्षिकाएं होंगे आज राजधानी में सम्मानित

उपलब्धि सरोकार : शिक्षक दिवस पर प्रदेश के 11 शिक्षक और तीन शिक्षिकाएं होंगे आज राजधानी में सम्मानित

गत वर्ष के राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक शिक्षिकाएं भी होंगे सम्मानित

⚫ रतलाम की शिक्षिका विनीता ओझा भी होंगी सम्मानित

हरमुद्दा
भोपाल, 5 सितंबर। शिक्षक दिवस के अवसर पर शुक्रवार सुबह प्रशासन अकादमी के स्वर्ण जयंती सभागार में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। इसमें राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव श्रेष्ठ कार्य करने वाले सरकारी स्कूलों के 14 शिक्षकों को सम्मानित करेंगे। गत वर्ष के राष्ट्रीय शिक्षक पूर्व पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक शिक्षिका का भी सम्मान किया जाएगा


अतिथियों द्वारा सम्मानित होने वाले शिक्षकों को 25 हजार रुपये की सम्मान निधि, शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। इसमें प्राथमिक व माध्यमिक श्रेणी के आठ और उच्च माध्यमिक श्रेणी के छह शिक्षक शामिल हैं। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह, खेल एवं युवा कल्याण सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग और राज्यमंत्री कृष्णा गौर भी उपस्थित रहेंगी।

इन प्राथमिक व माध्यमिक शिक्षकों के नाम शामिल

शासकीय प्राथमिक शाला बिसोनिया, गुना के शिक्षक जितेंद्र शर्मा, शासकीय उमावि क्रमांक-2, शाजापुर के दिलीप जायसवाल, ईपीईएस भाटीवाड़ा, सिवनी के दिलीप कटरे, शासकीय प्राथमिक विद्यालय, दमोह के श्रीकांत कुर्मी, शासकीय उमावि, रुस्तमपुर, खंडवा की माध्यमिक शिक्षिका श्रद्धा गुप्ता, शासकीय माध्यमिक विद्यालय सतौआ, दमोह के मोहन सिंह गौंड, शासकीय माध्यमिक शाला चंदेसरा, उज्जैन के अपूर्व शर्मा और शासकीय माध्यमिक शाला उबालाद, आलीराजपुर के उच्च श्रेणी शिक्षक धनराज वाणी शामिल हैं।

हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूल के शिक्षक शिक्षिका

इसमें शासकीय उत्कृष्ट उमावि बाग, धार की राधा शर्मा, शासकीय उमावि, मेडिकल कॉलेज जबलपुर के डॉ. नरेंद्र कुमार उरमलिया, शासकीय उमा संभागीय ज्ञानोदय विद्यालय, तिलीवार्ड, सागर के महेंद्र कुमार लोधी, शासकीय उमावि, जावरा, रतलाम की शिक्षिका विनीता ओझा और माध्यमिक शिक्षक शासकीय हाई स्कूल पांदा, राजगढ़ की शिक्षिका डॉ. सरिता शर्मा, शासकीय उमावि माडल विद्यालय बालाघाट के सौरभ कुमार शर्मा के नाम शामिल हैं।

गत वर्ष राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित भी होंगे सम्मानित

वहीं वर्ष 2024 में राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित शिक्षकों को समारोह में शाल-श्रीफल, स्मृति चिह्न और पांच हजार रुपये सम्मान निधि भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। इनमें शासकीय माध्यमिक शाला लिधौरा, दमोह के माधव प्रसाद पटेल और शासकीय हाई स्कूल, मंदसौर की शिक्षिका सुनीता गोधा शामिल हैं।